फिल्म 'द क्रू' से सामने आई करीना कपूर, कृति सैनन और तब्बू की नई झलक
क्या है खबर?
पिछले काफी समय से फिल्म 'द क्रू' चर्चा में है और हो भी क्यों न, इसके जरिए करीना कपूर, कृति सैनन और तब्बू की तिकड़ी पहली बार जो पर्दे पर आ रही है।
फिल्म अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार दर्शकों के बीच सुर्खियों में है।
पिछले दिनों इसकी रिलीज तारीख सामने आई थी और अब इससे अभिनेत्रियों का लुक भी सामने आ गया है, जिसके बाद बेशक इसकी रिलीज को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ने वाला है।
पोस्ट
अभिनेत्रियों ने किया ये पोस्ट
करीना, कृति और तब्बू तीनों ने ही अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपना लुक प्रशंसकों के साथ साझा किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'चेक-इन के लिए तैयार हैं? क्रू के साथ उड़ान भरने का समय! 29 मार्च, 2024 को 'द क्रू' सिनेमाघरों में आ रही है।'
बता दें कि तीनों ही अभिनेत्रियां एयर हॉस्टेस की ड्रेस में जंच रही हैं। अभिनेत्रियों की यह नई झलक देख ज्यादातर दर्शक फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह जाहिर करते दिख रहे हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए झलकियां
Crew flying into theatres near you on March 29th! #KareenaKapoorKhan @kritisanon #tabu pic.twitter.com/fe0YvoKzp3
— Kareena Kapoor Khan FC (@KareenaK_FC) February 23, 2024
फिल्म
एकता कपूर और रिया कपूर हैं फिल्म की निर्माता
इस फिल्म का निर्देशन राजेश कृष्णन कर रहे हैं, वहीं एकता कपूर और रिया कपूर इसकी निर्माता हैं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ और कपिल शर्मा भी मेहमान भूमिका निभाने वाले हैं।
इसी महीने की शुरुआत में एक वीडियो आया था, जिसमें अभिनेत्रियों की पहली झलक सामने आई थी। उसी के साथ नई रिलीज तारीख का भी ऐलान किया गया था।
दरअसल, पहले यह फिल्म 22 मार्च को रिलीज होने वाली थी। बाद में इसे एक हफ्ता आगे बढ़ा दिया गया।
पिछली फिल्म
रिया और एकता ने करीना के साथ की थी 'वीरे दी वेडिंग'
बता दें कि रिया, एकता और करीना पहले भी साथ काम कर चुकी हैं। तीनों फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' के लिए साथ आए थे। शशांक घोष के निर्देशन में बनी इस फिल्म में 4 महिलाओं की दोस्ती और मस्ती दिखाई गई थी।
इसमें करीना के साथ स्वरा भास्कर, सोनम कपूर और शिखा तल्सानिया ने काम किया था।
भले ही फिल्म की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही हो, लेकिन यह 2018 की 5वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी थी।
कहानी
कैसी होगी 'द क्रू' की कहानी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 'द क्रू' की कहानी अलग-अलग आयु वर्ग की 3 महिलाओं के जीवन के इर्द-गिर्द घूमेगी।
ये तीनों महिलाएं कुछ अलग करना चाहती हैं, लेकिन उनकी किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही सोच रखा होता है।उनके जीवन में कई चुनौतियां आती हैं, जिनको फिल्म में दिखाया जाएगा। इन चुनौतियों के साथ ही फिल्म में कॉमेडी का तड़का भी लगाया जाएगा।
फिलहाल दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है।