थलापति विजय की 'जन नायकन' को सेंसर बोर्ड से मिली हरी झंडी, रिलीज तारीख का ऐलान
क्या है खबर?
सेंसर सर्टिफिकेट विवादों के बाद थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। फिल्म को सेंसर बोर्ड से 'A' सर्टिफिकेट मिल चुका है। KVN प्रोडक्शंस के निर्माता सुप्रीथ मोहन ने अपनी इस फिल्म की रिलीज से भी पर्दा हटा दिया है। पूर्णकालिक राजनीति में जाने से पहले विजय को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेताब फैंस का इंतजार अब बस खत्म होने वाला है।
ऐलान
इस दिन बड़े पर्दे पर आएगी फिल्म
सेंसर सर्टिफिकेट विवादों के कारण लंबे समय से अटकी 'जन नायकन' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। बड़े पर्दे पर विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही 'जन नायकन' को 9 जुलाई को सेंसर बोर्ड (CBFC) द्वारा 'A' सर्टिफिकेट दिया गया। KVN प्रोडक्शंस के बिजनेस हेड और निर्माता सुप्रीथ मोहन ने पुष्टि करते हुए बताया कि फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट मिल चुका है और वो इसे 24 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने जा रहे हैं।
रिलीज
इस साल 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी फिल्म
'जन नायकन' मूल रूप से इसी साल 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, खबरों के मुताबिक फिल्म को समय पर सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज में देरी हो गई, जिससे दुनियाभर के फैंस काफी निराश हुए थे। बता दें कि इससे पहले इंटरनेट पर ऐसी खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं, जिसमें 'जन नायकन' को 'A' सर्टिफिकेट मिलने की बात कही जा रही थी। अब आखिरकार निर्माताओं ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है।
मुश्किलें
हाई कोर्ट का चक्कर और HD वर्जन लीक
सेंसर बोर्ड के कट्स और बदलावों के सुझाव के कारण ये फिल्म महीनों तक अटकी रही। निर्माताओं द्वारा बदलाव करने पर भी जब बात नहीं बनी तो KVN प्रोडक्शंस ने हाई कोर्ट का रुख किया। इसी बीच अप्रैल में फिल्म का एक अधूरा HD वर्जन ऑनलाइन लीक हो गया, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया। इस मामले में पुलिस जांच के बाद एक फ्रीलांस फिल्म एडिटर सहित कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।
स्टारकास्ट
विजय के साथ फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
निर्माताओं ने कुछ दिनों पहले बताया था कि सेंसर बोर्ड की समीक्षा पूरी हो चुकी है और बदलावों के बाद फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में आएगी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ये विजय की बतौर अभिनेता आखिरी फिल्म है, जिससे इसे लेकर भारी उत्साह है। एच विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज और मामिता बैजू जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।