Page Loader
अभिनेत्री पवित्रा जयराम के निधन के 5 दिन बाद उनके साथी कलाकार चंद्रकांत ने की आत्महत्या   
चंद्रकांत ने क्यों दी अपनी जान? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@chandrakanth_artist)

अभिनेत्री पवित्रा जयराम के निधन के 5 दिन बाद उनके साथी कलाकार चंद्रकांत ने की आत्महत्या   

लेखन पलक
May 18, 2024
02:26 pm

क्या है खबर?

बीते दिनों सभी को मशहूर कन्नड़ और तेलुगु टीवी अभिनेत्री पवित्रा जयराम के अचानक हुए निधन ने सभी को सदमे में डाल दिया था। अभी मनोरंजन जगत के लोग उनके निधन के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि एक और बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल, तेलुगु टीवी इंडस्ट्री में काम करने के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता चंद्रकांत का भी निधन हो गया है। कथित तौर पर अभिनेता ने अपने आवास पर आत्महत्या कर ली है।

सदमा

पवित्रा के निधन के बाद परेशान थे चंद्रकांत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रकांत ने अपनी सह-कलाकार पवित्रा के निधन के 5 दिन बाद आत्महत्या की है। चंद्रकांत मणिकोंडा स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए हैं। पुलिस ने चंद्रकांत के पिता का बयान दर्ज किया है, जिसके अनुसार अभिनेता पवित्रा के निधन के बाद से बेहद परेशान और उदास थे। बता दें, दावा किया जाता है कि 'त्रिनयनी' में साथ काम करने वाले पवित्रा और चंद्रकांत एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे।

नोट

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रकात ने अपने आपको कमरे में बंद कर लिया था। जब घरवालों के बार-बार फोन करने पर भी उनका जवाब नहीं दिया तो उनके परिवार के सदस्यों ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में चंद्रकांत मृत पाए गए। बता दें, पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। नरसिंगी पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। उनके आकस्मिक निधन से तेलुगु इंडस्ट्री सदमे में है।

पोस्ट

पवित्रा के लिए किया था चंद्रकांत ने आखिरी पोस्ट

चंद्रकांत को पवित्रा की मौत का गहरा सदमा लगा था। इस बात का सबूत उनका इंस्टाग्राम था। उन्होंने एक नहीं, बल्कि कई पोस्ट कर पवित्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी थी। इंस्टाग्राम पर उनका आखिरी पोस्ट भी पवित्रा के लिए ही था। खबरों के मुताबिक, दोनों जल्द ही अपने रिश्ते को आधिकारिक बनाने की योजना बना रहे थे। वे पवित्रा के लौटने के बाद अपने रिश्ते को नाम देना चाहते थे। हालांकि, ऐसा ना हो सका।

निधन

कैसे हुआ था पवित्रा का निधन?

पवित्रा का निधन 12 मई को एक सड़क हादसे में हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के महबूबनगर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, इसी बीच हैदराबाद से वानापर्थी आ रही एक बस कार के दाहिने हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में पवित्रा की मौके पर ही माैत हो गई। पवित्रा के साथ कार में उस वक्त उनकी चचेरी बहन अपेक्षा, ड्राइवर श्रीकांत और खुद चंद्रकांत भी मौजूद थे।

जानकारी

'त्रिनयनी' से मिली थी चंद्रकांत को प्रसिद्धि

चंद्रकांत को धारावाहिक 'त्रिनयनी' में अपनी भूमिका से घर-घर में पहचान मिली थी। हालांकि, पवित्रा टीवी इंडस्ट्री में पहले से ही काफी लोकप्रिय थीं। चंद्रकांत इस शो में पवित्रा के पति का किरदार निभाते थे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों का खूब प्यार मिलता था।