आदित्य रॉय कपूर संग दिल चुराने आ रहीं तारा सुतारिया, लगेगा एक्शन और रोमांस का तड़का
क्या है खबर?
टी-सीरीज के बैनर तले बनने वाली अगली म्यूजिकल लव स्टोरी में तारा सुतारिया की मुख्य अभिनेत्री के रूप में एंट्री हो गई है। भूषण कुमार द्वारा निर्मित और मिलाप मिलन जावेरी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में तारा पहली बार आदित्य रॉय कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। निर्माताओं ने इस नई जोड़ी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। फिल्म में प्यार, जुनून, ड्रामा और दमदार संगीत के साथ एक हिंसक प्रेम कहानी देखने को मिलेगी।
कहानी
टकराव और जुनून की अनूठी प्रेम कहानी:
'मरजावां' के बाद तारा सुतारिया, भूषण कुमार और निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी एक बार फिर साथ आ रहे हैं।
तारा इससे पहले टी-सीरीज की फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' में भी काम कर चुकी हैं। ये बैनर के साथ उनकी तीसरी फिल्म होगी। फिल्म में प्यार, जुनून और टकराव की कहानी देखने को मिलेगी।
ड्रामा और एक्शन के बीच यह प्रेम कहानी दर्शकों को मोहब्बत का एक अलग अंदाज दिखाएगी। इसमें भावनाओं के साथ दमदार संगीत भी होगा।
रिलीज
सिनेमाघरों में कब धमाल मचाएगी आदित्य-तारा की जोड़ी?
फिल्म में आदित्य-तारा की नई जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आएगी। इसकी खासियत दमदार संगीत होगा, जो कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
रोमांस, एक्शन और भावनात्मक ड्रामा से सजी इस फिल्म को भूषण कुमार बना रहे हैं। बड़े बजट की ये फिल्म भव्य अंदाज में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निर्माता इसी साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं, जबकि इसे 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।