
बॉलीवुड में यौन उत्पीड़न की कहानियों पर तनुश्री दत्ता जल्द रिलीज़ करेंगी शॉर्ट फिल्म
क्या है खबर?
बॉलीवुड में #MeToo मूवमेंट की अगुवाई करने वाली तनुश्री दत्ता इस अभियान में एक और योगदान देने जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार बॉलीवुड में यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ मशाल जलाने वाली तनुश्री यौन उत्पीड़न पर एक शॉर्ट फिल्म रिलीज़ करेंगी।
'इंस्पिरेशन' शीर्षक वाली यह फिल्म बॉलीवुड में हुए यौन उत्पीड़न की कहानियों और घटनाओं का एक संग्रह है, जो अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी 08 मार्च, 2019 को रिलीज़ होगी।
बयान
नए कलाकारों के साथ जानबूझकर किए गए शोषण को करेगी उजागर
फिल्म के बारे में बात करते हुए तनुश्री ने बताया कि 'इंस्पिरेशन' बॉलीवुड में नए कलाकारों के साथ जानबूझकर किए गए शोषण को उजागर करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि, "यह बॉलीवुड या किसी अन्य क्षेत्र में नए कलाकारों के साथ हुए इरादतन शोषण के मुद्दे से संबंधित है, जहाँ उनके संरक्षण या मार्गदर्शन के लिए कोई नहीं था।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म किसी वास्तविक घटना पर आधारित है तो उन्होंने अस्पष्ट उत्तर दिया।
जानकारी
तनुश्री के जवाब से नहीं हो पाया स्पष्ट
तनुश्री ने सवाल के जवाब में कहा कि, "यह एक नया प्रारूप है, जहाँ वास्तविकता, कल्पना से मिलती है।" तनुश्री के इस जवाब से स्पष्ट नहीं होता है कि आख़िरकार फिल्म कल्पना है या हक़ीक़त।
भूमिका
फिल्म में देवदूत की भूमिका में दिखेंगी तनुश्री
किसी से छुपा हुआ नहीं है कि बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर पर 2008 में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली तनुश्री ने बॉलीवुड में #MeToo मूवमेंट की शुरुआत की थी।
तनुश्री ने कई महिलाओं को प्रेरित किया, जिसके बाद कई लोगों ने बॉलीवुड में यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई।
फिल्म में तनुश्री एक देवदूत की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, "मैंने एक देवदूत की भूमिका निभाई है जो सही निर्णय लेने में लड़कियों को प्रेरित करती है।"
वापसी
तनुश्री 'इंस्पिरेशन' के लिए नौ साल बाद आईं कैमरे के सामने
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 'इंस्पिरेशन' के ज़रिए तनुश्री नौ साल बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
उन्हें 2010 में आख़िरी बार रोहित रॉय के साथ 'अपार्टमेंट' में देखा गया था। तनुश्री ने कहा, "मैंने फिल्म के संवादों को अपनी अंतर्दृष्टि और मामलों पर समझ से प्रेरित होकर लिखा था।"
उन्होंने आगे कहा, "नौ साल बाद मैं कैमरे का सामना करने के लिए उत्साहित थी। मैं इस बार मनोरंजन नहीं बल्कि लोगों को ज्ञान दे रही थी।"