तब्बू की 6 साल बाद साउथ में वापसी, इस अभिनेता की फिल्म में लगाएंगी तड़का
क्या है खबर?
अभिनेत्री तब्बू को जल्द ही हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' में देखा जाएगा। अक्षय कुमार अभिनीत यह फिल्म 10 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए बिल्कुल तैयार है। इस बीच, खबर है कि अभिनेत्री साउथ सिनेमा में लौटने के लिए कमर कस रही हैं, जिससे वहां के फैंस को खुश होने का एक बड़ा माैका मिलेगा। बता दें कि तब्बू को आखिरी बार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'अला वैकुंठपुरमुलू' (2020) में देखा गया था।
फिल्म
पुरी जगन्नाथ की आगामी फिल्म का हिस्सा बनीं तब्बू
ई-टाइम्स के मुताबिक, तब्बू को फिल्म निर्माता पुरी जगन्नाथ की आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'स्लमडॉग- 33 टेंपल रोड' में देखा जाएगा। उनके साथ सुपरस्टार विजय सेतुपति और संयुक्ता भी अहम भूमिकाओं में होंगे। बताया जाता है कि फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन में है और इस साल के आखिर तक सिनेमाघरों का रुख करेगी। इस फिल्म के जरिए तब्बू की 6 साल बाद साउथ सिनेमा में धमाकेदार वापसी होगी। उन्होंने फिल्म 'कुली नंबर 1' (1991) से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था।
जुड़ाव
हैदराबाद से अभिनेत्री का है खास जुड़ाव
तब्बू के लिए 'स्लमडॉग- 33 टेंपल रोड' सिर्फ परियोजना नहीं, बल्कि अपनी जड़ों की ओर वापसी भी है। मिड-डे के अनुसार, उनकी सह-कलाकार संयुक्ता ने कहा, "वह हैदराबाद की लड़की है! वहां सबसे कम अनुभवी होने के नाते, मैं जरीना वहाब मैम और तब्बू मैम की तेलुगु में बातें सुनती थी। मैंने उनसे बहुत सी कहानियां सुनीं। मुझे बहुत अपनापन महसूस होता था।" उधर फैंस भी 'स्लमडॉग- 33 टेंपल रोड' में तब्बू के शामिल होने की खबर से उत्साहित हैं।