नागार्जुन की 100वीं फिल्म: 30 साल बाद इस अभिनेत्री के साथ बनेगी जोड़ी
दिग्गज अभिनेता नागार्जुन ने अपनी 100वीं तेलुगू फिल्म 'किंग 100' की शूटिंग शुरू कर दी है। यह फिल्म का अस्थायी नाम है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि पूरे 30 साल बाद अभिनेत्री तब्बू भी इस फिल्म में उनके साथ नजर आएंगी। तब्बू ने इंस्टाग्राम पर एक पर्दे के पीछे की फोटो साझा करके यह खबर दी। उन्होंने लिखा, 'और हम #किंग100 #नागार्जुन अन्नपूर्णा स्टूडियोज के साथ शुरुआत कर रहे हैं।'
बता दें, यह जोड़ी 1996 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म 'निन्ने पेल्लाडता' के बाद अब पहली बार पर्दे पर साथ दिखेगी।
नागार्जुन ने बताया तब्बू ने 'किंग 100' के लिए तुरंत हामी क्यों भरी
नागार्जुन और तब्बू के बीच बहुत पुरानी दोस्ती है। नागार्जुन ने हाल ही में बताया कि तब्बू जब इंडस्ट्री में नई थीं, तब से ही उनकी दोस्ती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तब्बू को जैसे ही पता चला कि यह उनकी 100वीं फिल्म है, उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दी। हालांकि, बाकी कलाकारों और टीम (क्रू) के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन दर्शक इस जोड़ी को एक बार फिर साथ देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।