कंगना रनौत से तकरार पर तापसी पन्नू का तीखा तंज- आपको तो मजा आ रहा है
क्या है खबर?
अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कंगना रनौत के साथ जारी अपने पुराने विवाद पर मीडिया को फटकार लगाई है। अपनी फिल्म 'गांधारी' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना से जुड़े सवाल पर नाराजगी जताते हुए तापसी ने साफ किया कि अगर मीडिया ये सवाल पूछना बंद कर देता तो यह विवाद कब का खेेत्म हो चुका होता। उन्होंने इस विवाद या झगड़े को तूल ने देने की बात कही। आइए जानें क्या बोलीं तापसी।
तंज
तापसी ने मीडिया को लिया आड़े हाथ
जब तापसी से कंगना की टिप्पणियों पर पूछा गया, तो उन्होंने मीडिया को टोकते हुए कहा, "आप लोग ये बात खत्म क्यों नहीं होने देते? जब आप दोनों से ये सवाल पूछना बंद कर देंगे तो यह मुद्दा अपने आप खत्म हो जाएगा। आप सब लोगों को ये देख के मजा आ रहा है, इसलिए आप बार-बार वही सवाल पूछ रहे हैं। अगर आप लोग ऐसे सवाल पूछना बंद कर देते तो ये बात कब की खत्म हो चुकी होती।"
विवाद की शुरुआत
कब से चला आ रहा कंगना-तापसी का विवाद?
दोनों अभिनेत्रियों के बीच ये विवाद साल 2019 में शुरू हुआ था, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को कंगना की 'सस्ती कॉपी' कहा था।
हाल ही में एक इंटरव्यू में तापसी ने कंगना से दूरी पर कहा था, "मैं उनसे कभी नहीं मिली हूं। मेरी राय मेरी परवरिश और सोच को दर्शाती है, जबकि उनकी राय उनकी सोच को। लोग खुद देखकर समझ सकते हैं कि कौन कहां से आता है।"
पलटवार
कंगना-तापसी की जुबानी जंग फिर तेज
तापसी के बयान से नाराज कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर तंज कसते हुए उन्हें फिर 'सस्ती कॉपी' करार दिया।
कंगना ने लिखा कि एक सस्ती कॉपी अपनी बी-ग्रेड फिल्म के प्रचार में व्यस्त है, पर मीडिया के लिए केवल कंगना ही खबर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तापसी ने उनके माता-पिता और परवरिश का मजाक उड़ाकर सीमाएं लांघ दी हैं। कंगना की इस सख्त प्रतिक्रिया के बाद दोनों अभिनेत्रियों के बीच पुरानी ज़ुबानी जंग एक बार फिर गर्म हो गई।