स्वरा भास्कर की 'पद्मावत' विवाद पर सफाई- मुझे गालियां देनी हैं तो सही बात पर दो
क्या है खबर?
अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर संजय लीला भंसाली की साल 2018 में आई फिल्म 'पद्मावत' में दिखाए गए 'जौहर' सीन पर दिए अपने बयान को लेकर विवादों में हैं। 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'वुमन, लाइफ, फ्रीडम' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस दृश्य को समस्याग्रस्त बताया था, जिसके बाद उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा। अब स्वरा ने इस विवाद पर सफाई देते हुए एक नया वीडियो पोस्ट किया है।
स्पष्टीकरण
दी वायरल वीडियो पर दी सफाई
स्वरा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर 'पद्मावत' के 'जौहर' सीन पर दी गई अपनी टिप्पणी पर कहा, "हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम से मेरी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। उसमें कही मेरी बात का गलत अनुवाद करके ये अफवाह फैलाई जा रही है कि मैंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली अन्य महिलाओं को 'कायर' कहा था, जो कि पूरी तरह से असत्य और भ्रामक है।"
सफाई
"मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया"
स्वरा ने आगे कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहती हूं कि मैंने ऐसा बिल्कुल नहीं कहा कि रानी पद्मावती या महल की बाकी औरतें कायर थीं। जो लोग मुझे गालियां देना चाहते हैं, दें, लेकिन सही बात पर दें। मैंने तो ये कहा था कि क्लाइमैक्स देखते समय मुझे लगा, भगवान न करे अगर मैं रेप पीड़िता होती तो मुझे लगता कि मैंने अपनी जान क्यों नहीं ली? क्या मैं रेप के बाद जिंदा बच गई, इसलिए कायर हूं?"
दो टूक
समाज में रेप महामारी बन चुका है- स्वरा
स्वरा ने समझाया कि उन्होंने यह टिप्पणी इसलिए की, क्योंकि समाज में रेप इतना व्यापक हो गया है कि ये एक महामारी का रूप ले चुका है।
उनका तर्क था कि समाज एक पनपती बलात्कार संस्कृति के बीच जी रहा है। उन्होंने दिल्ली की हालिया दर्दनाक सामूहिक बलात्कार की घटना का उदाहरण दिया, जिसमें कथित तौर पर एक लड़की के साथ एक वाहन के भीतर 36 किलोमीटर तक दरिंदगी की गई थी।
सवाल
"क्या महिला की पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा कीमती है?"
स्वरा भास्कर ने चिंता जताते हुए सवाल उठाया, "क्या हमें ऐसी फिल्में बनानी चाहिए, जो संदेश दें कि महिला की पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा कीमती है? क्या रेप पीड़िता को यह एहसास कराना चाहिए कि बच जाना बुरी बात है?" इस दौरान उन्होंने निर्भया के साहस को याद करते हुए कहा कि हमें उस बहादुर बेटी को कभी नहीं भूलना चाहिए जिसने अंतिम सांस तक मुकाबला किया। महिला की जीने की जिजीविषा को कमतर नहीं आंका जाना चाहिए।"
आलोचना
स्वरा ने 'पद्मावत' के 'जौहर' सीन पर बोला था हमला
बता दें कि स्वरा ने फिल्म 'पद्मावत' के 'जौहर' दृश्य की कड़ी आलोचना करते हुए इसे बेहद समस्याग्रस्त बताया था।
उनका मानना है कि रेप जैसी गंभीर समस्या का सामना कर रहे समाज में यह दृश्य पीड़ितों को बेहद गलत और नकारात्मक संदेश देता है।
स्वरा ने सवाल उठाया कि क्या फिल्में यह दर्शाना चाहती हैं कि महिला की जान से ज्यादा उसकी 'पवित्रता' महत्वपूर्ण है? उन्होंने जोर देकर कहा कि रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
मेरा एक वीडियो क्लिप वायरल है- जिसे ग़लत रूप से झूठे ढंग से अनुवादित किया जा रहा है! मैंने कतई नहीं कहा कि रानी पद्मावती या कोई भी सती कायर थी । शर्मनाक है कि @ndtvindia और अन्य मीडिया चैनल और लोग बार बार झूठा इल्ज़ाम लगाकर लोगों को उत्तेजित कर रहे हैं ।
— Swara Bhasker (@ReallySwara) September 1, 2026
गाली देनी है तो दो- पर… pic.twitter.com/TR8sy5gRCr
बवाल
स्वरा के बयान पर मचा बवाल
अपने बयानों के चलते स्वरा को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।
लोगों ने 'जौहर' की उनकी व्याख्या का विरोध करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक प्रथा कायरता नहीं, बल्कि मुस्लिम आक्रांताओं की बर्बरता के खिलाफ महिलाओं की वीरता का प्रतीक थी।
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी 2018 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पद्मावत' में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी की मुख्य भूमिका निभाई थी।