स्वरा भास्कर वजन पर ताना मारने वालों पर भड़कीं- ग्लैमर का 'हैंगर' नहीं महिलाओं का शरीर
क्या है खबर?
अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। वो कई बार अपने आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दे चुकी हैं और इस बार उनके निशाने पर वो ट्रोलर्स हैं, जो उनके मां बनने के बाद बढ़े वजन को लेकर कमेंट कर रहे हैं। स्वरा ने बॉडी शेमिंग करने वालों को खरी-खरी सुनाते हुए साफ कह दिया है कि उनका शरीर कैसा दिखता है, ये दूसरों की चिंता का विषय नहीं होना चाहिए। क्या कुछ बोलीं स्वरा, आइए जानते हैं।
दो टूक
महिलाओं का शरीर कोई दिखावे की चीज नहीं- स्वरा
स्वरा ने बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं पर थोपी जाने वाली उम्मीदों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि मां बनने के बाद उनके बढ़े हुए वजन को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार उनकी आलोचना की जा रही है, लेकिन उनका इरादा इंटरनेट पर अजनबियों द्वारा तय किए गए मानकों के लिए पुराने शरीर में वापसी करने का बिल्कुल नहीं है। स्वरा के मुताबिक, महिलाओं के शरीर को केवल दिखावे या कामुकता तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
लताड़
स्वरा भास्कर ने ट्रोलर्स की 'क्रूरता' को किया बेनकाब
स्वरा की यह तीखी प्रतिक्रिया तब आई, जब उन्होंने साल 2018 की अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की और उस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने संवेदनहीन टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। स्वरा ने ऐसे ही एक मैसेज का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनके शरीर में आए बदलाव और उनके करियर पर सवाल उठाए गए थे। स्वरा ने इन टिप्पणियों के पीछे की आत्म-जागरूकता की कमी और ऑनलाइन ट्रोलिंग में छिपी बददिमाग क्रूरता की कड़ी आलोचना की है।
फटकार
स्वरा ने स्क्रीनशॉट शेयर कर लगा दी क्लास
स्वरा ने अपनी एक पुरानी फोटो और अपनी बेटी राबिया को गोद में लिए हुए एक हालिया तस्वीर का कोलाज शेयर कर लिखा, 'ये एक ऐसा मुद्दा है] जिसके खिलाफ मैं बार-बार आवाज उठाऊंगी। पिछले कुछ वर्षों में मुझे जिस तरह के गुस्से और नफरत का सामना करना पड़ा है, सिर्फ इसलिए क्योंकि बच्चे के जन्म के बाद मेरा शरीर बदल गया है और मैंने इंटरनेट पर मौजूद अनजान लोगों के हिसाब से वजन घटाने से मना कर दिया है।'
भड़ास
पतले होने की जिद क्यों?
स्वरा आगे लिखती हैं, 'महिलाओं के शरीर का उद्देश्य केवल कामुकता दिखाना या ग्लैमर के लिए एक 'हैंगर' बने रहना नहीं है, इससे कहीं बढ़कर है। मां बनने के बाद पुरानी बॉडी में लौटना खुद के प्रति क्रूरता है।' उनके अनुसार, मां बनने के बाद जिंदगी और शरीर बुनियादी तौर पर बदल जाते हैं और अतीत के उसी पतले शरीर को पाने की जिद पालने के बजाय इस बदलाव को सहजता से स्वीकार करना ही सही है।
दो टूक
बच्चे को जन्म देना गर्व की बात, वजन पर ताना मारना घटिया- स्वरा
स्वरा ने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के शरीर पर होने वाली टिप्पणी को मूर्खतापूर्ण और घटिया बताया। उनका कहना है कि बच्चे को जन्म देने के बाद शरीर का बदलना स्वाभाविक है और एक्टिंग का हुनर खूबसूरती या वजन पर निर्भर नहीं करता। उन्होंने ये भी कहा कि खूबसूरत दिखने का दबाव महिलाओं के प्रति क्रूरता है और हर महिला को अपनी मर्जी से जीने का हक होना चाहिए। स्वरा का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।