स्वरा भास्कर का 'हाथी-भैंस' कहने वालों पर पलटवार, ब्लाउज पर 'मोटी' लिखवाकर दिया जवाब
क्या है खबर?
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' का दूसरा सीजन धमाकेदार अंदाज में शुरू हुआ। वीरेंद्र सहवाग द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो में बतौर प्रतियोगी शामिल हुईं अभिनेत्री स्वरा भास्कर पहले ही दिन छा गईं। बैंगनी रंग की साड़ी के साथ 'मोटी' शब्द कढ़े हुए ब्लाउज में स्वरा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने इस खास लुक के जरिए पिछले 3 सालों से अपनी प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन को लेकर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया।
ट्रोलिंग
मेरी बेटी 3 साल की है और 3 साल से अजनबी ट्रोल कर रहे- स्वरा
शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग के सामने अपना दर्द बयां कर स्वरा भावुक हो गईं।
सोशल मीडिया पर होने वाली लगातार बॉडी शेमिंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी बेटी अब 3 साल की हो चुकी है और इन 3 सालों से मुझे बहुत से लोगों ने, ऐसे अजनबियों ने जिन्हें मैं जानती तक नहीं, सोशल मीडिया और हर जगह लगातार ट्रोल किया है।"
शो से सामने आईं स्वरा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
जवाब
"हाथी, भैंस, गाय... सब हो गई हूं"
मां बनने के बाद बढ़े वजन को लेकर दी जाने वाली भद्दी टिप्पणियों का जिक्र करते हुए स्वरा ने कहा, "मुझे 'मोटी हो गई है', 'भैंस हो गई है', 'गाय हो गई है', 'हिप्पो (दरियाई घोड़ा) हो गई है' और 'हाथी हो गई है' जैसे नामों से पुकारा गया। मैंने कहा कि हां, मैं ये सब हो गई हूं। अब मैं आपके इन सभी शब्दों को स्वीकार करती हूं और इन पर गर्व महसूस करती हूं।"
पलटवार
महिलाओं का शरीर ग्लैमर का हैंगर
इसी साल मई में स्वरा ने साल 2018 की अपनी एक तस्वीर शेयर की तो लोगों ने भद्दी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।
ट्रोल्स को जवाब देते हुए उन्होंने लिखा था, 'मां बनने के बाद शरीर बदलने और अजनबियों की मर्जी से वजन न घटाने पर जो गुस्सा मुझे सहना पड़ा, वो हैरान करने वाला है। मैं बार-बार कहूंगी कि महिलाओं का शरीर सिर्फ कामुकता दिखाने या ग्लैमरस कपड़ों का हैंगर बनने के लिए नहीं है।'
शो
'राइज एंड फॉल' सीजन 2': प्रतियोगी, विवाद और पहला बड़ा एलिमिनेशन
'राइज एंड फॉल सीजन 2' में मनोरंजन-राजनीति जगत के कई बड़े चेहरे नजर आ रहे हैं।
इस सीजन में स्वरा भास्कर के अलावा शहजाद पूनावाला, करण पटेल, तेज प्रताप यादव, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, मनीष कश्यप और काजल राघवानी जैसी हस्तियां बतौर प्रतियोगी शामिल हुई हैं।
शो की कमान पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग संभाल रहे हैं। शहजाद पूनावाला के साथ हाथापाई करने के चलते सिवेट तोमर को पहले ही दिन शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।