Page Loader
रिया चक्रवर्ती पर भड़कीं सुशांत की बहन श्वेता, पूछा- अतंरात्मा को क्या जवाब दोगी?
रिया चक्रवर्ती पर भड़कीं सुशांत की बहन श्वेता सिंह

रिया चक्रवर्ती पर भड़कीं सुशांत की बहन श्वेता, पूछा- अतंरात्मा को क्या जवाब दोगी?

Oct 07, 2023
07:11 pm

क्या है खबर?

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती की जिंदगी पूरी तरह से बदल गई थी। उन पर हुए कठोर मीडिया ट्रायल ने न सिर्फ अभिनेत्री, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी को पटरी से उतार दिया था। आखिरकार रिया अपने ऊपर हुए हमलों को सामने से लेने के लिए तैयार हैं। हाल ही में रिया 3 साल बाद मीडिया से रू-ब-रू हुई थीं। अब उनके बयानों पर सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपना गुस्सा जाहिर किया है।

बयान 

लोग सच को महसूस कर सकते हैं- श्वेता

श्वेता ने इंस्टाग्राम पर सुशांत की कुछ तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'एक व्यक्ति जो गुजर गया है, जो सफाई नहीं दे सकता, उस पर आरोप लगाया जा रहा है। मैं हैरान हूं, तुम अपनी अंतरात्मा को क्या जवाब दोगी? मेरे भाई का दिल साफ था और वह लाखों धड़कनों में बसता है। हमें सामने आकर कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि लोग सच को महसूस कर सकते हैं।'

मीडिया ट्रायल

रिया ने मीडिया ट्रायल पर की थी बात

हाल ही में रिया चक्रवर्ती ने इंडिया टुडे से बातचीत की थी और अपने साथ हुए कठोर मीडिया ट्रायल पर बात की थी। उन्होंने इससे आईं मुश्किलों और उनका सामना करने का अपना अनुभव साझा किया था। लोगों द्वारा उन्हें 'डायन' कहे जाने पर जवाब देते हुए उन्होंने पितृसत्ता पर हमला किया था। उन्होंने कहा था, "पहले के समय में जो महिलाएं पुरुषों की हां में हां नहीं मिलाती थीं, उन्हें डायन कहा जाता था। तो शायद मैं हूं डायन।"

डिप्रेशन

रिया ने दोहराई थी सुशांत के डिप्रेशन की बात

सुशांत की मौत का सच पूछे जाने पर रिया ने कहा था कि सुशांत डिप्रेशन का शिकार थे। उन्होंने कहा, "हमारे देश में मानसिक स्वास्थ्य को बिल्कुल नहीं समझा जाता है। लोग सारी जिंदगी पैसा और शोहरत कमाने के लिए संघर्ष करते हैं। ऐसे में उन्हें लगता है कि जिसके पास पैसा और शोहरत दोनों हैं, उसे डिप्रेशन कैसे हो सकता है। जब किसी लोकप्रिय व्यक्ति को डिप्रेशन होता है, तो लोगों को समझ नहीं आता।"

प्रतिक्रिया 

श्वेता के समर्थन में आए सुशांत के प्रशंसक

श्वेता के पोस्ट पर सुशांत के प्रशंसक उनका समर्थन कर रहे हैं। उनके पोस्ट पर रिया को लेकर लोगों का गुस्सा दिखाई दे रहा है। प्रशंसकों का कहना है कि सुशांत कभी सपने में भी किसी का बुरा नहीं सोच सकते थे। वह करोड़ों दिलों में रहते हैं। प्रशंसकों ने श्वेता को तसल्ली दी कि एक दिन सच्चाई जरूर सामने आएगी और रिया को सजा मिलेगी। लोगों का कहना है कि रिया अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रही हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

श्वेता ने साझा कीं सुशांत की तस्वीरें

जानकारी

14, जून 2020 को हुई थी सुशांत की मौत

14 जून, 2020 को सुशांत सिंह का शव उनके कमरे में फांसी से लटकता मिला था। इसके बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया ने उनके डिप्रेशन में होने की बात कही थी। मामले में रिया पर सुशांत को ड्रग देने का भी आरोप लगा था।