सुशांत के दोस्त का आरोप- महेश भट्ट और रिया के पिता ने रची हत्या की साजिश
क्या है खबर?
सुशांत सिंह राजपूत मामला CBI के हाथों में आने के बाद तेजी से इस पर जांच हो रही हैं। अब सुशांत के करीबियों से कई बार पूछताछ की जा रही है। वहीं सुशांत से जुड़े अब कुछ ऐसे लोग भी सामने आने लगे हैं जिनका नाम इससे पहले कभी इस मामले में आगे नहीं आया।
दरअसल, सुशांत के अच्छे दोस्त और जिम पार्टनर सुनील शुक्ला ने रिया चक्रवर्ती के पिता और महेश भट्ट पर गंभीर आरोप लगाया है।
आरोप
सुनील ने महेश भट्ट को बताया रिया का 'शूगर डैडी'
सुनील ने टाइम्स नाउ को बताया कि सुशांत की हत्या की साजिश रची गई थी। जिसे रिया चक्रवर्ती के 'दो डैडी' ने मिलकर रचा था, एक उनके जैविक पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती जो पेशे से डॉक्टर हैं और दूसरे 'शूगर डैडी' महेश भट्ट हैं।
सुनील का आरोप है कि रिया ने सुशांत को अपने पिता द्वारा दी गई दवाइयां दी। जब रिया ने सुशांत का घर छोड़ दिया तो उनके बाद घर के ही किसी शख्स ने उन्हें दवाइयां दी होगी।
मानसिक हालत
मानसिक तौर पर बीमार नहीं थे सुशांत- सुनील
सुनील शुक्ला का कहना है कि फ्लैट में सुशांत के अलावा उनके फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी, कुक नीरज और हाउस मैनेजर दीपेश सावंत भी रहते थे।
उन्होंने आगे सुशांत की मानसिक स्थिति को लेकर भी खुलासे करते हुए कहा कि वह मानसिक तौर पर बीमार नहीं थे।
सुनील ने बताया कि वह उनसे जिम में मिलते थे और साथ ही वर्कआउट भी करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि सुशांत मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स ले रहे थे।
गवाह
तीन गवाहों के बदले बयान- सुनील
सुनील ने आगे कहा कि बेशक सुशांत के निधन को 66 दिन बीच गए हैं, लेकिन अब भी CBI को एक उम्मीद है। क्योंकि घर में सुशांत सहित चार लोग थे, जिनमें से तीन गवाह हैं। हालांकि, इन तीनों के बयान एक दूसरे से बिल्कुल अलग हो रहे हैं। इसी से पता चलता है कि इस हत्या की योजना बनाई गई थी।
सुनील शुक्ला ने यह भी कहा कि सुशांत की रात को ही हत्या कर दी गई थी।
जानकारी
सुनील शुक्ला ने जताया शक
सुनील ने कहा कि इन्हीं तीनों ने मिलकर उन्हें फांसी के फंदे पर लटका दिया। सुनील के अनुसार CBI को भी इस मामले में कोई लिंक मिल गया है। अब जल्द ही वह रिया को पूछताछ के लिए बुलाने वाले हैं।
चैट
रिया और महेश भट्ट की व्हाट्सऐप चैट हुई थी वायरल
कुछ दिन पहले ही रिया और महेश भट्ट की व्हाट्सऐप चैट वायरल हुई थी। जिसमें रिया ने महेश को बताया था कि उन्होंने सुशांत का घर छोड़ दिया है।
वहीं 14 जून यानी सुशांत की मौत वाले दिन महेश भट्ट ने रिया से कॉल करने के लिए कहा। इसके अलावा उन्होंने इसी दिन शाम को 4:01 पर और 5:13 मिनट पर रिया को कॉल किया था। हालांकि, दोनों ही बार रिया ने कॉल नहीं उठाया।
पूछताछ
CBI लगातार कर रही है पूछताछ
फिलहाल CBI लगातार सिद्धार्थ पिठानी, नीरज और दीपेश सावंत से पूछताछ कर रही है। इनसे अलग-अलग पूछताछ हो रही है, CBI इनसे 13-14 जून की घटनाएं जानने की कोशिश कर रही है।
CBI ने वॉटरस्टोन रिसॉर्ट में भी काफी देर तक जांच की, यह वही होटल है जहां सुशांत दो महीने रहे थे। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुशांत का बर्ताव वहां कैसा था।