रणबीर कपूर के मुरीद हुए सुरेश ओबेरॉय, बोले- माता-पिता ने उन्हें बड़े अच्छे संस्कार दिए हैं
क्या है खबर?
रणबीर कपूर इन दिनों छाए हुए हैं। उनकी फिल्म 'एनिमल' जब से पर्दे पर आई है, हर कोई उनकी तारीफों के पुल बांध रहा है। जहां दर्शक फिल्म में उनके दमदार अभिनय की सराहना कर रहे हैं, वहीं उनके साथ काम कर चुके कलाकार उनके व्यवहार और व्यक्तित्व की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
हाल ही में दिग्गज अभिनेता सुरेश ओबेरॉय ने रणबीर की तारीफ में कसीदे पढ़े।
आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
सराहनीय
यूं की रणबीर की तारीफ
लहरन रेट्रो से रणबीर ने कहा, "रणबीर का व्यवहार बहुत सराहनीय है। वह न सिर्फ एक अद्भुत व्यक्ति, बल्कि एक अद्भुत अभिनेता भी हैं। ऋषि कपूर और नीतू कपूर ने सचमुच उन्हें बड़े अच्छे संस्कार दिए हैं। वह सबसे बड़ी अच्छी तरह पेश आते हैं।"
अभिनेता बोले, "मैंने तो नीतू को बकायदा मैसेज भी किया था कि आपने अपने बेटे को बड़े अच्छे संस्कार दिए हैं। एक प्रतिष्ठित व्यक्ति की तरह कैसे व्यवहार करना है, यह रणबीर बखूबी जानते हैं।"
तारीफ
शक्ति कपूर ने भी की थी रणबीर की तारीफ
पिछले दिनों शक्ति कपूर ने भी रणबीर की तारीफ की थी।
उन्होंने कहा था, "चिंटू यानी ऋषि का जन्म मेरे 1 दिन बाद हुआ था। हमारे बीच का रिश्ता शानदार था। एक-दूसरे के प्रति गहरा प्रेम था। हमारे परिवार बहुत करीब थे और अकसर हम छुट्टियों में एक साथ घूमने जाते थे।"
उन्होंने कहा, "काश चिंटू अपने बेटे की सफलता देखने के लिए आज जिंदा होता। मैं गर्व से रणबीर को इंडस्ट्री के सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक कहता हूं।"
प्रदर्शन
रणबीर ने 'एनिमल' में जमाया रंग
'एनिमल' की कहानी बाप-बेटे के एक जटिल रिश्ते पर आधारित है। एनिमल को पूरी तरह अगर रणबीर की फिल्म कहा जाए तो कुछ गलत नहीं होगा। इस फिल्म में रणबीर ने शानदार एक्टिंग की है। अंत तक उन्होंने अपने किरदार को मजबूती से पकड़े रखा।
कई लोगों ने रणबीर के प्रदर्शन के लिहाज से 'एनिमल' को उनकी अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म बताया है। इस फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी भी नजर आई थीं।
भूमिका
सुरेश ने 'एनिमल' में निभाया रणबीर के दादा का किरदार
'एनिमल' में हमेशा की तरह सुरेश के अभिनय की भी तारीफ हुई है। इसमें उन्होंने अनिल कपूर के पिता यानी रणबीर के दादा राजधीर डोडामल सिंह की भूमिका निभाई है।
सुरेश ने रेडियो शो से अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की और फिर बॉलीवुड का रुख किया।
1977 में फिल्म 'जीवन मुक्त' से बॉलीवुड में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले सुरेश अपने उम्दा अभिनय के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीत चुके हैं।