अनुराग कश्यप के खिलाफ सूरत कोर्ट ने जारी किया वारंट, आखिर क्या है पूरा मामला?
क्या है खबर?
फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के खिलाफ सूरत की एक कोर्ट ने जमानती वारंट जारी किया है। यह कार्यवाही उनके द्वारा पिछले साल ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ी है। कोर्ट ने लगातार अनुराग की गैर-हाजिरी को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया है। इससे पहले उन्हें पेशी के लिए कई बार समन और फिर सार्वजनिक नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन फिल्ममेकर कोर्ट के सामने पेश नहीं हुए।
सुनवाई
24 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट जेवी चौहान ने अनुराग के खिलाफ बेलेबल वारंट जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 दिसंबर की तारीख तय की गई है।
यह आदेश तब आया जब 54 वर्षीय फिल्ममेकर के खिलाफ अखबार के जरिए समन भेजा गया था, लेकिन कोर्ट की अनदेखी करते हुए वह पेश नहीं हुए।
बता दें, पिछले साल कथित आपत्तिजनक बयान के चलते उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
मामला
जानिए क्या है अनुराग से जुड़ा ये विवाद
यह विवाद अप्रैल, 2025 में फिल्म 'फुले' से जुड़े जातिगत विवाद पर बहस के दौरान शुरू हुआ था।
फिल्ममेकर ने सोशल मीडिया पर एक यूजर को जवाब देते हुए ब्राह्मण समाज को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी कर दी थी, जिससे आक्राेश फैल गया।
उनके खिलाफ कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
चौतरफा घिरने के बाद अनुराग ने माफी मांगी थी, लेकिन उनके खिलाफ सूरत कोर्ट में शिकायत कराई गई थी।