कान्स 2026: सुप्रिया पाठक अब निर्देशन में आजमाएंगी हाथ, पहली फिल्म का किया ऐलान
क्या है खबर?
दिग्गज फिल्म अभिनेत्री सुप्रिया पाठक अब निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'आवर स्टोरी' का ऐलान किया है। यह ऐलान आधिकारिक तौर पर फिल्म के अनावरण के बाद किया गया। हाल ही में, अभिनेत्री ने एक बातचीत के दौरान बताया कि उनकी इस परियोजना का निर्माता भारत-ऑस्ट्रेलियाई सहयोग से किया जाएगा। फिल्म निर्माता अनुपम शर्मा भी सुप्रिया की इस फिल्म में बतौर निर्माता जुड़ गए हैं।
जिम्मेदारी
निर्देशक के तौर पर जिम्मेदारी संभालने को तैयार अभिनेत्री
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, सुप्रिया की पहली निर्देशित फिल्म एक तरह से जीवनी पर आधारित होगी। इसके सह-लेखन का काम उनकी बेटी सनाह कपूर ने किया है। परियोजना का निर्माण रबसस बैनर और ऑस्ट्रेलियाई प्रोडक्शन कंपनी फिल्म्स एंड कास्टिंग टेंपल के बैनर तले होगा। बताया जाता है कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और कनाडा में फिल्म 'आवर स्टोरी' के नाट्य वितरण अधिकार फोरम फिल्म्स ने हासिल किए हैं। यह सितंबर में टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तहत टोरंटो मार्केट में प्रदर्शित होगी।
कहानी
3 पीढ़ियों की 3 महिलाओं की कहानी दिखाएगी ये फिल्म
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म सुप्रिया के परिवार की 3 पीढ़ियों की 3 महिलाओं की कहानी को बयां करेगी। इसमें खुद अभिनेत्री, उनकी दिवंगत मां दीना पाठक और उनकी बेटी सनाह शामिल होंगी। अपनी फिल्म पर बात करते हुए सुप्रिया ने कहा कि यह परियोजना उनके लिए बेहद व्यक्तिगत है। वह बताती हैं कि फिल्म उन यादों, परिवार, नारीत्व और भावनात्मक विरासत को दर्शाएगी, जिन्होंने उन्हें आज का मुकाम दिलाया है। वह इसे अपने दिल के बेहद करीब मानती हैं।