सनी देओल की 'बटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड ने दिखाई हरी झंडी, जानिए कब आएगी फिल्म
क्या है खबर?
सनी देओल की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'बटवारा 1947' लंबे समय से लोगों का ध्यान खींच रही है। आमिर खान प्रोडक्शन द्वारा निर्मित और राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित ये फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में आ रही है। इससे पहले निर्माताओं ने फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के हवाले किया था, जहां से उन्हें हरी झंडी मिल गई है। बताया जा रहा है कि बोर्ड ने 'बटवारा 1947' को बिना किसी काट-छांट के मंजूरी दे दी है।
प्रमाणन प्रक्रिया
तय तारीख पर रिलीज के लिए तैयार है फिल्म
ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि फिल्म 'बटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के प्रमाणपत्र मिल गया है। इसके बाद ये 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है।
विभाजन के समय पर आधारित यह फिल्म लाहौर के एक मुस्लिम परिवार की कहानी बयां करती है, जिनका सामना एक हिंदू महिला से होता है, जो वहां मौजूद अपना पैतृक घर छोड़ने से मना कर देती है।
कास्ट
सनी के साथ स्क्रीन साझा करती दिखेंगी प्रीति जिंटा
फिल्म में सनी के साथ मुख्य किरदार में प्रीति जिंटा दिखाई देंगी। वह 5 साल से भी ज्यादा समय बाद फिल्मों में वापसी कर रही हैं।
शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम किरदारों में शामिल हैं।
फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने द्वारा लिखे गए हैं।
'बटवारा 1947' की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' के साथ होगी।