सनी देओल अपने दूसरे बेटे राजवीर को बनाएंगे एक्शन हीरो, इस फिल्म के रीमेक पर नजर?
क्या है खबर?
सनी देओल आगामी फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर चर्चा में हैं, जो अगले महीने 28 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी। इसमें उनके बेटे करण देओल भी अहम किरदार में नजर आने वाले हैं। इस बीच, खबर है कि सनी अपने दूसरे बेटे राजवीर देओल को दोबारा सिनेमा की दुनिया में उतारने की तैयारी में हैं। इसके लिए वह 1985 में रिलीज हुई अपनी सुपरहिट फिल्म 'अर्जुन' का सहारा लेंगे, जिसमें राजवीर बतौर हीरो नजर आ सकते हैं।
रीमेक
शाहरुख खान के पास हैं फिल्म के अधिकार
फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि सनी अपनी फिल्म 'अर्जुन' का रीमेक बनाने जा रहे हैं, जिसमें उनके दूसरे बेटे राजवीर मुख्य भूमिका में होंगे। राहुल रवैल द्वारा निर्देशित ये एक सामाजिक-राजनीतिक एक्शन ड्रामा थी।
उन्होंने बताया कि फिल्म के अधिकार करीम मोरानी और उनके साथी सुनील (बंटी) सूरमा के पास थे, जिसे सूत्रों के अनुसार, शाहरुख खान को दिए गए हैं। कहा जा रहा है कि सनी को संभवतः शाहरुख से फिल्म के अधिकार मिल जाएंगे।
डेब्यू
राजवीर की पहली फिल्म हुई थी फ्लॉप
राजवीर की पहली फिल्म 'डोनो' साल 2023 में रिलीज हुई थी जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या के बेटे, अवनीश एस. बड़जात्या ने किया था, लेकिन ये फ्लॉप साबित हुई।
कहा जा रहा है कि सनी अपने बेटे को इस बार एक एक्शन हीरो के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, इसलिए वह कथित तौर पर 'अर्जुन' का रीमेक बनाना चाहते हैं।
हालांकि, अभी तक न तो सनी और न ही उनकी टीम ने इस परियोजना की आधिकारिक घोषणा की है।