सनी देओल का फिर दिखेगा एक्शन अवतार, फिल्म 'एंटनी' में मचाएंगे जबरदस्त धमाल
क्या है खबर?
सनी देओल की फिल्म हो और उसमें एक्शन या मारधाड़ न हो, ये तो नामुमकिन सा लगता है। 'बॉर्डर 2' में शानदार प्रदर्शन करने और दर्शकों का दिल जीतने के बाद, अभिनेता अगली फिल्म की तैयारी में जुट चुके हैं, जिसका शीर्षक फिलहाल के लिए 'एंटनी' रखा गया है। खबर है कि फिल्म में एक्शन दृश्यों की भरमार होगी, जिसकी शूटिंग के लिए अभिनेता ने तैयारी शुरू कर दी है। टीम एक महीने के लिए गोवा रवाना हो रही है।
शेड्यूल
गोवा में फिलम का एक महीने का शेड्यूल तय
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट, एआर मुरुगाडोस के बैनर तले फिल्म 'एंटनी' का निर्माण किया जा रहा है। मिड-डे के मुताबिक, मार्च महीने में निर्माताओं ने चुपचाप फिल्म की शूटिंग मुंबई में शुरू कर दी थी जो पूरी हो चुकी है अब निर्देशक बालाजी गणेश ने गोवा में एक महीने का शेड्यूल तय किया है। सूत्र ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस शेड्यूल में सनी कई दमदार फाइट सीक्वेंस की शूटिंग करेंगे।
कहानी
पुलिस के किरदार में होंगे सनी देओल, ये हाेगी कहानी
सूत्र ने कहा, "फिल्म सनी के पुलिस वाले किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गोवा में एक आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ करने की कोशिश करता है। स्वाभाविक रूप से, फिल्म के कुछ सबसे बड़े एक्शन सीन यहीं फिल्माए जाने की योजना है।" सूत्र ने आगे बताया कि निर्माता खतरनाक स्टंट से भरपूर नाइट शूट की योजना भी बना रहे हैं, जिसमें अभिनेता खुद एक्शन का बड़ा हिस्सा करेंगे। फिल्म में ज्योतिका और विजय वर्मा खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे।