सुप्रीम कोर्ट की रानी कपूर को सलाह- आप 80 साल की, ये उम्र लड़ने की नहीं
क्या है खबर?
दिवंगत व्यवसायी संजय कपूर की संपत्ति का विवाद लंबे समय से कोर्ट की चौखट पर खड़ा है। 27 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने 30,000 करोड़ की अपार संपत्ति को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद पर सुनवाई की। इस दौरान संजय की मां रानी कपूर कोर्ट पहुंची, जिन्होंने सोना कॉमस्टार और बेटे की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर एक याचिका दायर की थी। हालांकि सुनवाई के दौरान पीठ ने उन्हें सुलह करने का सुझाव दिया है।
सुनवाई
कोर्ट ने रानी कपूर को दी सलाह
जस्टिस जेबी परदीवाला की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि जब तक विरासत से जुड़ा कानूनी विवाद चलता रहेगा, तब तक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। कोर्ट ने विरासत विवाद में शामिल प्रिया कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों को भी नोटिस जारी किया। इसके अलावा, कोर्ट ने लंबी कानूनी लड़ाई की व्यावहारिक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए टिप्पणी की, "अगर यह मुकदमा 80 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ है... तो यह लड़ने की उम्र नहीं है।"
सुझाव
"आपसी सहमति से विवाद सुलझा लीजिए"
कोर्ट ने रानी की याचिका पर नोटिस तो जारी किया, लेकिन दोनों पक्षों को सलाह दी कि वह मध्यस्थता के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करें। कहा कि मामला लंबा खिंच सकता है, इसलिए पक्षकार का आपसी सहमति से विवाद सुलझाना बेहतर होगा। हालांकि कोर्ट ने कहा कि वह मेरिट पर मामले की सुनवाई करेगा। यह सुनवाई अगले हफ्ते के लिए निर्धारित है। बता दें, संजय का निधन 12 जून को 53 साल की उम्र में लंदन में हुआ था।