LOADING...
सुनील शेट्टी महिलाओं के खिलाफ ऐसा क्या बोल गए, जो सोशल मीडिया पर मच गया बवाल? 
सुनील शेट्टी क्यों हुए ट्रोलिंग के शिकार? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@suniel.shetty)

सुनील शेट्टी महिलाओं के खिलाफ ऐसा क्या बोल गए, जो सोशल मीडिया पर मच गया बवाल? 

Jul 28, 2025
04:34 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सुनील शेट्टी पिछले कुछ समय से ट्रोलर्स के निशाने पर हैं। खासकर तब से, जब उन्होंने सी-सेक्शन को आसान करार देते हुए नॉर्मल डिलिवरी को मुश्किल और दर्दनाक बताया था। उनका ये बयान आते ही लोगों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई थी। अब एक बार फिर सुनील को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, एक बार फिर अभिनेता महिलाओं को लेकर अपने विवादित बोल की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

बयान

"पति काम करे, पत्नियां बच्चे संभाले"

पिंकविला को दिए इंटरव्यू में सुनील ने कहा कि महिलाओं को बच्चों की देखभाल करनी चाहिए, जबकि पुरुषों को बाहर जाकर अपने करियर पर ध्यान देना चाहिए। दरअसल , अभिनेता परिवार और शादी के बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजकल लोगों के अंदर सब्र नहीं है। शादी में एक समय बाद समझौता चलता है। जैसे ही अभिनेता का ये इंटरव्यू सामने आया, उनकी सोशल मीडिया पर किरकिरी शुरू हो गई और लोग उन्हें ट्रोल करने लगे।

कारण

सुनील ने बताया क्यों हो रहे तलाक

सुनील बोले, "शादी के बाद एक-दूसरे को समझने में समय लगता है, लेकिन आजकल के बच्चों में इतना सब्र ही नहीं है कि वो इतना समय दें कि शादी के बाद वो एक-दूसरे को समझें, इसलिए इतने तलाक हो रहे हैं। शादी एक समय के बाद समझौता होती है, जहां आपको एक-दूसरे को समझना पड़ता है। फिर एक बच्चा आता है और पत्नी को ये जानना जरूरी है कि पति करियर बनाएगा और बच्चे को मैं देख रही हूं।"

ट्रोलिंग"

ये आदमी अपनी ही छवि खराब कर रहा है- यूजर

सुनील के बारे में लोगों का कहना है कि वह 60 की उम्र पार कर गए हैं, उनकी सोच भी 60 से ज्यादा हो गई है, वहीं एक यूजर ने लिखा, 'PR ने नहीं समझाया क्या?' दूसरे यूजर ट्रोल करते हुए लिखते हैं, 'ये आदमी अपनी ही छवि खराब कर रहा है।' एक कमेंट है, 'क्यों पत्नियों का करियर नहीं होता क्या?' एक लिखते हैं, 'इनकी मानसिकता और सोच तो इनके सी-सेक्शन वाले बयान पर ही दिख गई थी।'

विवादित बयान

बेटी अथिया शेट्टी की डिलिवरी पर क्या बोले थे सुनील?

इससे पहले बेटी अथिया शेट्टी की डिलिवरी पर सुनील बोले थे, "आज की दुनिया में जहां हर कोई सहज होकर बच्चे के जन्म के लिए सीधे सर्जरी का विकल्प चुनता है, वहीं अथिया ने वैसा ना करने का फैसला किया और नॉर्मल डिलिवरी करवाई।" उनके इस बयान पर खूब बवाल मचा था। गौहर खान ने भी सुनील को जमकर लताड़ा था और बताया था कि जिसने बच्चे को जन्म नहीं दिया, उसे नहीं पता कि सी-सेक्शन कितना दर्दनाक होता है।"