रजनीकांत के गानों को इस्तेमाल करके बुरी फंसी धोनी की CSK, मद्रास कोर्ट पहुंचे निर्माता
क्या है खबर?
IPL 2026 के शुरू होने से पहले महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) कानूनी मुश्किलों में घिर गई है। फिल्म निर्माता कंपनी सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड ने टीम के खिलाफ मद्रास हाई कोर्ट में केस किया है। आरोप है कि CSK के प्रमोशनल वीडियो में रजनीकांत की फिल्मों 'कुली', 'जेलर' और 'जेलर 2' के ऑडियो ट्रैक, बैकग्राउंड म्यूजिक और डायलॉग का अनधिकृत इस्तेमाल किया गया है। वीडियो CSK की नई जर्सी के प्रचार के लिए बना था।
मुकदमा
मद्रास हाई कोर्ट में दर्ज हुआ मुकदमा
निर्माताओं ने दावा किया कि CSK ने प्रमोशनल वीडियो में गाने शामिल करने की अनुमति नहीं ली। उन्होंने बताया कि वीडियो का इस्तेमाल उनके सामान को 2,399 रुपये में बेचने के लिए किया गया था, जिसका मतलब है कि इनका उपयोग व्यावसायिक लाभ के लिए हुआ। संबंधित मामले में, 1 मार्च को सन टीवी की ओर से CSK को एक औपचारिक नोटिस भी भेजा गया था। उधर, टीम ने वीडियो को हटाकर उसे दूसरे संगीत के साथ जारी किया है।
सुनवाई
दलीलें सुनना जारी रखेगा मद्रास हाई कोर्ट
द हिंदू के अनुसार, सन टीवी के वरिष्ठ वकील जे. रविंद्रन ने कोर्ट में कहा, "वादी द्वारा 1 मार्च को भेजे पत्र में अनधिकृत उपयोग का मुद्दा उठाए जाने के बाद CSK ने कॉपीराइट सामग्री का इस्तेमाल बंद कर दिया था।" 13 मार्च को सुनवाई के दौरान रविंद्रन ने टीम से भविष्य में इस तरह की कार्रवाई से बचने आग्रह किया। कोर्ट ने निर्माताओं के दावों पर ध्यान दिया है। आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट दलीलें सुनना जारी रखेगा।