सन टीवी ने वर्टिकल कंटेंट के लिए Sun NXT शॉर्ट्स किया लॉन्च, जानिए इसमें क्या होगा खास?
सन टीवी नेटवर्क ने अपना नया फीचर 'Sun NXT शॉर्ट्स' लॉन्च कर दिया है। यह Sun NXT ऐप का ही हिस्सा है, जहां आपको छोटे-छोटे वर्टिकल वीडियो देखने को मिलेंगे।
इन वीडियो को खास तौर पर मोबाइल पर जल्दी और आसानी से देखने के लिए बनाया गया है। शुरुआत में इसमें करीब 150 दक्षिण भारतीय भाषाओं के कंटेंट होंगे, जिनमें नए ओरिजिनल वीडियो भी शामिल हैं और पुरानी हिट फिल्मों को भी मोबाइल के हिसाब से छोटे फॉर्मेट में ढाला गया है।
Sun NXT शॉर्ट्स का इस चीज से होगा मुकाबला
Sun NXT शॉर्ट्स का सीधा मुकाबला जियो हॉटस्टार के तड़का और ZEE5 के बुलेट जैसे शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट से होगा। Sun NXT के हेड राकेश सी.के. बताते हैं कि उनके प्लेटफॉर्म की खासियत दक्षिण भारतीय कंटेंट पर उनकी खास पकड़ और वीडियो को स्मार्ट तरीके से रीफॉर्मेट करना है।
उनका कहना है कि वीडियो में क्लोज-अप्स का अच्छा इस्तेमाल किया गया है, जिससे कंटेंट मोबाइल और टीवी दोनों पर शानदार दिखेगा।
Sun NXT पहले होगा फ्री, फिर लेना होगा सब्सक्रिप्शन
यह प्लेटफॉर्म शुरुआत में तो मुफ्त मिलेगा, लेकिन बाद में इसे सब्सक्रिप्शन मॉडल में बदल दिया जाएगा। Sun NXT की कार्यकारी निर्देशक काव्या मारन बताती हैं कि उनके लिए अपनी विशाल कंटेंट लाइब्रेरी को वर्टिकल व्यूइंग के लिए बदलना बहुत जरूरी है।
काव्या कहती हैं, 'हमारा मकसद है कि हम अपने इस बड़े कंटेंट बैंक को अगली पीढ़ी के दर्शकों के हिसाब से ढाल सकें। यह किसी चलन की होड़ में शामिल होना नहीं है, बल्कि इस नई कैटेगरी को दूसरों से पहले खुद पहचान देना है।'