विद्युत जामवाल की हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर जारी, जानें रिलीज तारीख
क्या है खबर?
विद्युत जामवाल अपने शानदार करतब से हमेशा भारतीय फैंस का दिल जीतते आए हैं। अब वह विश्व स्तर पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया गया है। पैरामाउंट पिक्चर्स, लेजेंडरी एंटरटेनमेंट और कैपकॉम के सहयोग से निर्मित यह फिल्म वैश्विक सितारों की शक्ति और भारत से गहरे जुड़ाव का एक शानदार संगम पेश करेगी। ट्रेलर अमेरिका के लॉस वेगास में आयोजित सिनेमाकॉन 2026 में जारी किया गया है।
ट्रेलर
विद्युत निभा रहे ये किरदार
फिल्म में नोआ सेंटिनियो, जेसन मोमोआ और एंड्रयू कोजी मुख्य किरदारों में हैं। वहीं विद्युत ने योग गुरु धल्सिम की भूमिका में खुद को पेश किया है। अभिनेता को इस किरदार में देखकर फैंस के लिए उन्हें पहचानना काफी मुश्किल हो सकता है। ट्रेलर की बात करें, तो यह 2 बिछड़े हुए स्ट्रीट फाइटर रयू (एंड्रयू कोजी) और केन मास्टर्स (नोआ सेंटिनियो) के इर्द-गिर्द घूमता है। इसमें जबरदस्त एक्शन, मारधाड़, साजिश और खेल के प्रति वफादारी कूट-कूटकर भरी है।
रिलीज
अक्टूबर में सिनेमाघरों का रुख करेगी फिल्म
किताओ सकुराई द्वारा निर्देशित, 'स्ट्रीट फाइटर' में रोमन रेंज, कैलिना लियांग, अनोई, डेविड डस्टमाल्चियन, कोडी रोड्स और एरिक आंद्रे जैसे सितारे भी अहम किरदारों में शामिल हैं। वहीं जेसन ने ब्लैंका का किरदार निभाया है, और ट्रेलर में उनकी झलक बेहद शानदार लगती है। बता दें, यह फिल्म कैपकॉम की वीडियो गेम सीरीज पर आधारित तीसरी फिल्म है। इसकी शूटिंग मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया में की गई है। यह 16 अक्टूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए 'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर
FIGHT! Watch the Official Trailer for Street Fighter, hitting theaters everywhere October 16. pic.twitter.com/dzGuLba4Z0
— Street Fighter Movie (@Street_Fighter) April 16, 2026