स्पाइस जेट ने कोरोना काल में सोनू सूद के कार्यों के लिए उन्हें दिया खास सम्मान
सोनू सूद हाल में सोशल वर्क को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। कई बार आपने सोनू को पर्दे पर खलनायक का किरदार निभाते हुए देखा होगा, लेकिन असल जिंदगी में उन्हें लॉकडाउन के दरमियान सुपरहीरो के रूप में देखा गया। लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था करने के बाद सोनू लाइमलाइट में आए थे। अब उनके इन प्रयासों के लिए स्पाइस जेट ने उन्हें खास अंदाज में सम्मानित किया है।
स्पाइस जेट ने विमान पर उकेरी सोनू की तस्वीर
घरेलू उड्डयन कंपनी स्पाइस जेट ने सोनू को सलाम करते हुए अपने बोइंग 737 विमान पर अभिनेता की एक बड़ी तस्वीर उकेरी है। इस तस्वीर के साथ लिखा गया है, 'मसीहा सोनू सूद को सलाम।' गौरतलब है कि सोनू पहले भारतीय अभिनेता हैं, जिन्हें इस तरह का खास सम्मान मिला है। इस उपलब्धि को सोनू ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की है।
अनारक्षित टिकट के जरिये मुंबई आया था- सोनू
सोनू ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'मैं मोगा से मुंबई एक अनारक्षित टिकट के जरिए पहुंचा था। आप सभी का दिल से शुक्रिया। आज मैं अपने माता-पिता को अधिक याद कर रहा हूं।' सोनू की मां सरोज 2007 में और पिता शक्ति 2016 में इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। पिछले साल अपनी मां की पुण्यतिथि पर सोनू ने कहा था कि काश वह अपनी मां के साथ थिएटर में बैठकर अपनी फिल्म देख पाते।
यहां देखिए सोनू का ट्विटर पोस्ट
अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने सोनू को दी बधाई
सोनू की उस उपलब्धि पर फिल्म इंडस्ट्री से भी उन्हें शुभकामनाएं संदेश मिल रहे हैं। इस मौके पर अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने बोइंग 737 विमान की तस्वीर को शेयर करते हुए सोनू को बधाई दी है। काजल ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'यह कमाल का अनुभव है। आपके द्वारा किए गए सभी शानदार कार्यों के लिए आपको सलाम करती हूं।' काजल और सोनू ने 2019 में आई फिल्म 'सीता' में साथ काम किया था।
यहां देखिए काजल का ट्विटर पोस्ट
कई कलाकार सोनू के कार्यों की कर चुके हैं सराहना
काजल फिल्म जगत की पहली सेलिब्रिटी नहीं हैं, जिन्होंने सोनू के मानवतावादी कार्यों की सराहना की है। इससे पहले भी कई कलाकार सोनू की प्रशंसा कर चुके हैं। साल 2020 में लॉकडाउन के दरमियान केरल में फंसी 177 महिलाओं को एयरलिफ्ट करने को लेकर शिल्पा शेट्टी, कुबरा सैत और निर्देशक फराह खान ने भी सोनू की सराहना की थी। अभिनेता अजय देवगन भी प्रवासी मजदूरों की मदद करने के लिए सोनू की सराहना कर चुके हैं।
इन फिल्मों में नजर आ सकते हैं सोनू
सोनू के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पृथ्वीराज' में देखा जा सकता है। फिल्म का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है। इस फिल्म मे सोनू को दरबारी कवि की भूमिका में देखा जाएगा। वह जॉन अब्राहम की हाल में रिलीज हुई फिल्म 'मुंबई सागा' में भी नजर आए हैं। इसके अलावा उन्हें निर्देशक ई निवास की फिल्म 'किसान' में अभिनय करते हुए देखा जा सकता है।