नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, मनीषा कोइराला बोलीं- दुआ करें
क्या है खबर?
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से मची तबाही के बीच अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर मदद के लिए आगे आए हैं। नेपाल में प्रभावित लोगों की स्थिति को देखते हुए सोनू सूद ने राहत सामग्री पहुंचाने और हर संभव सहायता का ऐलान किया है, वहीं नेपाल मूल की अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने देश के बिगड़ते हालातों पर चिंता जताते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर सभी से 'नेपाल के लिए दुआ' करने की अपील की है।
मदद
आप अकेले नहीं हैं- सोनू
नेपाल में मची इस तबाही के बीच सोनू एक बार फिर मसीहा बनकर सामने आए हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रभावित लोगों का हौसला बढ़ाते हुए लिखा, 'नेपाल, आप इस मुश्किल समय में बिल्कुल अकेले नहीं हैं। हम भोजन, आश्रय और सब कुछ नए सिरे से बसाने में मदद लेकर जल्द ही आपके पास पहुंच रहे हैं।'
सोनू की इस त्वरित मदद और आश्वासन ने संकट में फंसे पीड़ितों के बीच एक नई उम्मीद जगा दी है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए सोनू सूद का पोस्ट
Nepal, you are not alone.
— sonu sood (@SonuSood) August 26, 2026
We are coming with food, shelter and the strength to help you rebuild. 🇳🇵❤️
सराहना
सोनू की दरियादिली के कायल हुए लोग
सोनू के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
लोग उनके इस जज्बे और इंसानियत को सलाम कर रहे हैं। प्रशंसकों का कहना है कि संकट की हर घड़ी में बिना झिझक मदद का हाथ बढ़ाना ही सोनू को खास बनाता है।
एक यूजर ने लिखा, 'आपका ये जज्बा दिल छू लेने वाला है, मुश्किल वक्त में किसी के साथ खड़ा होना ही इंसानियत है।'
अपील
तबाही की तस्वीरें साझा कर मनीषा कोइराला ने की ये अपील
उधर नेपाल में जन्मी और अपने देश से गहरा लगाव रखने वाली अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने प्रशंसकों से 'नेपाल के लिए प्रार्थना और मदद करने की अपील की है।
उन्होंने नदी किनारे बसे कस्बों को तबाह करने वाली इस भीषण बाढ़ से हुए नुकसान की पहले और अब की चौंकाने वाली तस्वीरें पोस्ट कर स्थिति की गंभीरता को उजागर किया है।
कैप्शन में मनीषा ने लिखा, 'नेपाल के लिए प्रार्थना करें।'
भीषण जलप्रलय
भयंकर बाढ़ से तबाह हुआ नेपाल
नेपाल और तिब्बत सीमा पर स्थित भोटेकोशी नदी में ग्लेशियर टूटने से आई अचानक भयावह बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।
इस भीषण जलप्रलय में अब तक 165 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 800 से अधिक लोग लापता हैं। रसुवा और नुवाकोट जिलों में दर्जनों घर, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट बह गए हैं।
लापता लोगों में कई विदेशी पर्यटक और भारतीय नागरिक शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में सेना के हेलीकॉप्टर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।