
सोनू निगम ने बीच शो में फैन को फटकारा, बोले- इसलिए पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं
क्या है खबर?
जाने-माने गायक सोनू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके चलते वह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं।
उन्होंने हाल ही में एक काॅलेज में परफॉर्मेंस दी थी।
वह अपने सुपरहिट हिंदी गाने गा रहे थे। इसी बीच एक फैन जोर-जोर से चिल्लाते हुए कन्नड़-कन्नड़ बोलने लगा। ये सुनते ही सोनू ने अपनी परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दी और फिर उसे खूब डांट लगाई।
मांग
फैन ने शो में की कन्नड़ गाना गाने की मांग
सोनू ने बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में परफॉर्मेंस दी थी। वह हिंदी गाने गा रहे थे, इसी बीच एक फैन उन्हें कन्नड़ में गाना गाने के लिए धमकाने लगा।
गुस्साए गायक ने बीच में ही गाना रोका और जमकर नाराजगी जाहिर की।
सोनू भीड़ से कह रहे थे कि उन्हें कन्नड़ गाने गाना बहुत पसंद हैं और वह कर्नाटक के लोगों का सम्मान करते हैं, लेकिन फिर भी उस लड़के ने उन्हें कन्नड़ में गाने के लिए 'धमकी' दी।
वीडियो
"इसलिए पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं"
सोनू ने कहा, "मुझे अच्छा नहीं लगा कि वहां पर एक लड़का, जिसकी उम्र उतनी नहीं होगी, जितने सालों से मैं कन्नड़ गाने गा रहा हूं। ये कितना अशिष्ट था, जो भीड़ से चिल्ला रहा था- कन्नड़-कन्नड़। एक बच्चा, जो मेरे करियर जितना पुराना भी नहीं है, वो ऐसे बर्ताव करता है तो ये देखकर अच्छा नहीं लगता। ये तो देखो सामने कौन खड़ा है। मैं आपसे प्यार करता हूं। यही सोच पहलगाम जैसी घटनाओं की वजह बनती है।"
प्यार
कन्नड़ के प्रति सोनू ने जताया प्यार
गायक बोले, "मुझे कन्नड़ लोग पसंद हैं। मैं पूरी दुनिया में कहीं भी जाता हूं, चाहे ऑस्ट्रेलिया हो या भारत में किसी भी जगह जाऊं, 14,000 दर्शकों में से एक आवाज आती है, कन्नड तो मैं उस एक कन्नड़ के लिए भी कन्नड़ गाने गाता हूं। मैं आप लोगों की इतनी इज्जत करता हूं। ऐसा नहीं करना चाहिए आपको। मैंने जिंदगी में कई भाषाओं में गाने गाए हैं, लेकिन जो सबसे बेहतरीन गाना है वो कन्नड़ में गाया है।"
शो
सोनू ने बाद में कन्नड़ भाषा में भी गाए गाने
सोनू यहीं नहीं रुके। वह आगे कहते हैं, "शोज तो हम लोग रोज करते हैं, लेकिन जब भी कर्नाटक में कहीं शो होता है तो हम बहुत इज्जत से आते हैं, क्योंकि आप लोगों ने हमें अपना परिवार माना है, बावजूद इसके आप ऐसा करते हैं।"
हालांकि, फैंस को डांट लगाने के बाद में सोनू ने कन्नड़ भाषा में भी गाने गाए थे। वैसे ये पहली बार नहीं है, जब सोनू को मंच पर गुस्सा होते देखा गया है।
जानकारी
सोनू को मिल चुके कई बड़े सम्मान
सोनू निगम ने हिंदी और कन्नड़ के अलावा बंगाली, मराठी, तेलुगु, तमिल, उड़िया, अंग्रेजी, असमिया, मलयालम, गुजराती, भोजपुरी, नेपाली, तुलु, मैथिली और मणिपुरी भाषा में भी गाने गाए हैं। उन्हें 2 फिल्मफेयर पुरस्कार, 1 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्मश्री तक से नवाजा जा चुका है।