Loading...
सोनू निगम का टी-सीरीज और Zee म्यूजिक पर आरोप- कॉपीराइट का हक मांगा तो लगाया बैन
सोनू निगम पर टी-सीरीज और Zee म्यूजिक ने लगाया था बैन

सोनू निगम का टी-सीरीज और Zee म्यूजिक पर आरोप- कॉपीराइट का हक मांगा तो लगाया बैन

Aug 02, 2026
04:38 pm

क्या है खबर?

गायक सोनू निगम ने अपने करियर के सबसे कठिन दौर का खुलासा करते हुए दावा किया है कि गायकों के कॉपीराइट और रॉयल्टी अधिकारों के लिए आवाज उठाने के बाद देश की प्रमुख म्यूजिक कंपनियों ने उन पर 'बैन' लगा दिया था। एक हालिया पॉडकास्ट में सोनू ने बताया कि इस लड़ाई के लिए उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी, लेकिन उनके इस कदम ने भारतीय संगीत उद्योग की पूरी तस्वीर बदल दी।

सुनहरा दौर

"मेरा वक्त आया, गया और अब फिर लौट आया"

कोमल नाहटा के पॉडकास्ट में सोनू ने अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर को याद करते हुए कहा, "मेरा वक्त आया, फिर चला गया और अब वो फिर से लौट आया है। ये सब समय का खेल है। जब मैं अपने शिखर पर था, तब लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया। मैं एल्बम निकालता था, लोग उनके लिए दीवाने रहते थे और यहां तक कि मेरे पोस्टर भी बिका करते थे।"

खुलासा

गायकों का हक मांगना भारी पड़ा

सोनू ने इसके बाद का वाकया याद कर बताया कि जब उन्होंने कॉपीराइट और रॉयल्टी के मुद्दों पर आवाज उठानी शुरू की तो इंडस्ट्री में चीजें बदलने लगीं।

सोनू बोले, "फिर मैंने कॉपीराइट का मुद्दा उठाया। टी-सीरीज ने मुझे बैन कर दिया। Zee म्यूजिक ने भी मेरे साथ काम करना बंद कर दिया। कहने लगे कि ये तो आंदोलनकारी बन गया है। नहीं सोचा था कि गायकों के हक का मुद्दा उठाने का मेरे करियर पर इतना गंभीर असर पड़ेगा।"

ADVERTISEMENT

अहसास

"सोचा था बात सुलझ जाएगी, पर हालात बिगड़ते गए"

बातचीत में सोनू आगे कहते हैं, "मुझे कभी नहीं लगा था कि मुझ पर बैन लगा दिया जाएगा। मुझे लगा था कि हम आखिरकार बैठकर इस मुद्दे को सुलझा लेंगे, लेकिन हालात बिगड़ते ही चले गए। जब मैंने देखा कि मेरे लिए रास्ते बंद हो रहे हैं, तब मुझे अहसास हुआ कि भले ही वे मुझे गाने देना बंद कर सकते हैं, लेकिन वे मुझे स्टेज पर परफॉर्म करने से कभी नहीं रोक सकते।"

ADVERTISEMENT

दांवे

करियर दांव पर लगाकर ली चुनौती

सोनू बोले, "ईश्वर ने मुझे सिर्फ गाने के लिए नहीं बनाया है। उन्होंने मुझे एक मकसद दिया था,उस काम को आगे बढ़ाना, जिसे लता मंगेशकर जी ने शुरू तो किया था, लेकिन पूरा नहीं कर सकी थीं। ऐसा लगा जैसे भगवान ने मुझसे कहा हो कि तुम अपने करियर के शिखर पर इसे दांव पर लगाओगे और यह चुनौती स्वीकार करोगे। अगर तुम ये नहीं करोगे तो किसी और में ये हिम्मत नहीं होगी।"

बदलाव

सोनू के पास वापस लौटीं संगीत कंपनियां

सोनू निगम ने बताया कि कानून बदलने के बाद म्यूजिक कंपनियों को अहसास हुआ कि वे गलत नहीं थे।

साल 2012 में भारतीय कॉपीराइट (संशोधन) अधिनियम लागू होने से गायकों और कलाकारों को रॉयल्टी व सुरक्षा का कानूनी अधिकार मिला।

इसके बाद इंडस्ट्री का नजरिया बदला और वही कंपनियां सोनू के पास वापस लौट आईं। आज उनके बीच काफी अच्छे संबंध हैं और अब गायक और गायिकाओं को उनका वाजिब हक व रॉयल्टी आसानी से मिल रही है।

ADVERTISEMENT