सोनी राजदान दिवाली पर पटाखे जलाने वालों पर भड़कीं, बोलीं- ऐसा करना देशद्रोह से कम नहीं
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेत्री सोनी राजदान ने दिवाली पटाखों के प्रति नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि एक भी पटाखा फोड़ना उन्हें "एंटी-लाइफ, एंटी-हेल्थ और एंटी-नेशनल" लगता है। साथ ही, उन्होंने बच्चों पर वायु प्रदूषण के असर का जिक्र किया। सोनी का बयान ऐसे समय में आया, जब दीया मिर्जा ने दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की थी। पहले उनका वीडियो हटा दिया गया था, लेकिन बॉम्बे हाई कोर्ट की दखल के बाद BMC ने उसे दोबारा अपलोड किया।
चिंता
बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं सोनी
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए लोगों से पटाखा-मुक्त दिवाली मनाने की अपील की।
उन्होंने लिखा, 'किसी भी छोटे बच्चे के माता-पिता आपको बताएंगे कि वायु प्रदूषण की वजह से उनके बच्चे कितने परेशान हैं। बीमारी की वजह से वे कितने स्कूल के दिन मिस करते हैं। इसलिए अगर आप मुझसे कहेंगे कि ऐसे हालात में इस दिवाली एक भी पटाखा फोड़ना बिल्कुल ठीक है, तो मैं बस यही कहूंगी कि यह मुझे एंटी-लाइफ, एंटी-हेल्थ और हां... एंटी-नेशनल लगता है।'
अपील
वायु प्रदूषण नहीं, सही स्वास्थ्य चुनना जरूरी
सोनी ने आखिर में लिखा, 'स्वास्थ्य एक विकल्प है जो हम अपने और अपने बच्चों के लिए चुनते हैं। आइए हम सही विकल्प को चुनें।' इसी के साथ उन्होंने पोस्ट पर कमेंट्स को डिसेबल कर दिया।
उनकी पोस्ट को जोया अख्तर समेत कई सितारों ने लाइक किया है।
बता दें कि हाल ही में दीया ने बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) के एक कैंपेन में हिस्सा लेकर लोगों से पटाखे सड़क पर न जलाने की अपील की थी।