सोनी राजदान नेपोटिज्म के तानों पर बोलीं- महेश भट्ट की बेटी होना आलिया की गलती नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान अपनी बेटी के बचाव में खुलकर सामने आई हैं। नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) को लेकर आलिया पर होने वाली लगातार ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ते हुए सोनी राजदान ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े माता-पिता (महेश भट्ट और सोनी राजदान) के घर पैदा होना आलिया की गलती नहीं है। उन्होंने साफ किया कि आलिया ने आज जो भी मुकाम हासिल किया है, वो सिर्फ अपनी कड़ी मेहनत और बेमिसाल प्रतिभा के दम पर किया है।
दो टूक
दुनिया आपकी कर्जदार नहीं है- सोनी
जूम से सोनी राजदान ने कहा, "आलिया इसमें कुछ नहीं कर सकतीं कि वह किसकी संतान हैं, यह उनकी गलती नहीं है। मैं खुद इस इंडस्ट्री का प्रोडक्ट नहीं थी। मैंने एक अभिनेता और इंसान के रूप में यहां आने के लिए बहुत संघर्ष किया है, और मैं अपने समय की अन्य महिलाओं जितनी सफल भी नहीं हूं। अगर आप इस इंडस्ट्री में पहचान बनाना चाहते हैं और फिर भी शिकायतें कर रहे हैं... तो दुनिया आपकी कर्जदार नहीं है।"
दोष
"दूसरों पर दोष मढ़ना बहुत आसान है"
सोनी बोलीं, जब मैंने शुरुआत की थी, तब 101 लोग ऐसे थे, जो पहले से ही इंडस्ट्री में मौजूद लोगों के बच्चे थे। मैंने कभी इस बारे में सोचा तक नहीं। अगर मैं यही सोचती रहती तो वो कैसे कर पाती, जो मैं करना चाहती थी, इसलिए मेरा पूरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर था। लोग ऐसा क्यों नहीं करते? दूसरों पर उंगली उठाना और दोष मढ़ना बहुत आसान है। इस दुनिया में कुछ भी हमेशा के लिए नहीं होता।
मेहनत
आलिया ने अपनी मेहनत से हासिल किया ये मुकाम- सोनी
सोनी ने कहा, "फिल्मी परिवार से होने के बावजूद आलिया की सफलता माता-पिता की वजह से नहीं है। आलिया को पहली फिल्म के लिए सिर्फ ऑडिशन का मौका मिला था, लेकिन उसके बाद की सभी उपलब्धियां उनकी खुद की मेहनत और प्रतिभा का नतीजा हैं।" सोनी के मुताबिक, अगर ऑडिशन अच्छा नहीं होता, तो उन्हें रोल कभी नहीं मिलता। आलिया ने लगातार कड़ी मेहनत, लगन और बेहतरीन काम के दम पर आज इंडस्ट्री में ये मुकाम हासिल किया है।
मकसद
सोनी बोलीं- आलिया सिर्फ सजने-संवरने और नाचने नहीं आई हैं
सोनी राजदान ने 'अल्फा' में आलिया के एक्शन रोल की तारीफ करते हुए कहा कि एक कलाकार के रूप में उनका विकास कमाल का है। 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के तुरंत बाद 'हाईवे' जैसी फिल्म चुनना उन्हें दूसरों से अलग करता है। वो यहां सिर्फ सजने-संवरने नहीं, बल्कि परफॉर्म करने आई हैं। आलिया 'हाईवे' को अपना एक्टिंग स्कूल मानती हैं। किस्मत के साथ-साथ आलिया के पास खुद को साबित करने के लिए प्रतिभा और मेहनत भी है।
ट्रोलिंग
सोशल मीडिया की नफरत जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती
सोनी ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुई आलिया की ट्रोलिंग पर साफ किया कि सोशल मीडिया की नफरत जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती, इसलिए नकारात्मकता पर ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए। वो बोलीं, "जो कोई भी कान्स गया था, वो किसी वजह से वहां था और अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा था। हर किसी को इसलिए आमंत्रित किया गया था, क्योंकि उन्होंने वैश्विक मंच पर कुछ हासिल किया है, वे वहां किसी इत्तेफाक से नहीं पहुंचे थे।"