रिया कपूर के 'मेट गाला' लुक के लिए आए डेढ़ करोड़ के झुमके गायब, FIR दर्ज
क्या है खबर?
सोनम कपूर की बहन और निर्माता रिया कपूर के 'मेट गाला' लुक के लिए मुंबई के दिग्गज ज्वैलर्स से किराए पर लिए गए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के कीमती झुमके रहस्यमयी तरीके से चोरी हो गए हैं। ये वारदात मुंबई से न्यूयॉर्क के हवाई सफर के दौरान हुई, जिसका खुलासा न्यूयॉर्क के लग्जरी होटल 'द पियरे' में तब हुआ, जब मेकअप आर्टिस्ट ने गहनों के डिब्बे खोले। दोनों डिब्बे पूरी तरह खाली देखकर पूरी टीम के होश उड़ गए।
मामला
मुंबई के सहार थाने में FIR
मशहूर मेकअप आर्टिस्ट सवलिन सिंह पिछले 7 सालों से रिया के साथ काम कर रही हैं। दरअसल, रिया को 29 अप्रैल को न्यूयॉर्क में होने वाले दुनिया के सबसे बड़े फैशन इवेंट 'मेट गाला' में शामिल होने का न्योता मिला था, जिसके लिए उनकी पूरी टीम उनके साथ सफर कर रही थी। इसी यात्रा के दौरान सवलिन के बैग से ये करोड़ों के कुंडल गायब हुए, जिसके बाद मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया गया है।
चाेरी
न्यूयॉर्क के होटल में जाकर खुला 'चोरी का राज'
इवेंट के लिए मुंबई के 'मेहता ज्वैलर्स' और 'गोयनका ज्वैलर्स' से दो जोड़ी महंगे झुमके किराए पर लिए गए थे। मेकअप आर्टिस्ट सवलिन सिंह ने दोनों गहनों के डिब्बे अपने हैंडबैग में रखे थे। मुंबई पुलिस के मुताबिक, टीम ने 27 अप्रैल रात करीब साढ़े 10 बजे मुंबई से दुबई के लिए एमिरेट्स की फ्लाइट ली और फिर न्यूयॉर्क पहुंची। 28 अप्रैल की शाम वे JFK एयरपोर्ट पहुंचे और द पियरे होटल में ठहरे, जहां दोनों डिब्बे खाली मिले।
शिकायत
मेकअप आर्टिस्ट ने दर्ज कराई FIR, मामला दर्ज
लापता गहनों में 'मेहता ज्वैलर्स' के 66 लाख रुपये के पन्ना और हीरे जड़े सोने के झुमके शामिल थे, जबकि 'गोयनका ज्वैलर्स' के 69 लाख रुपये के जाम्बियन पन्ना और सोने के बॉर्डर वाले झुमके थे। इनकी कुल कीेमत 1.35 करोड़ रुपये बताई गई है। मुंबई लौटने के बाद मेकअप आर्टिस्ट सवलिन ने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।