सोनाली बेंद्रे के बेटे रणवीर की बॉलीवुड में एंट्री, कैमरे के पीछे संभालेंगे कमान
क्या है खबर?
अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के बेटे रणवीर बहल अब फिल्मी दुनिया में अपनी पारी शुरू करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, अपनी मां की तरह कैमरे के सामने आने के बजाय रणवीर ने अपने पिता की तरह कैमरे के पीछे रहकर कमान संभालने का फैसला किया है। वो निर्देशन और निर्माण की बारीकियां सीखकर फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। हाल ही में उनके पिता ने ये खुलासा किया।
करियर
गोल्डी बहल ने बेटे रणवीर के करियर पर किया ये खुलासा
फिल्म निर्माता गोल्डी बहल और अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के बेटे, रणवीर बहल बॉलीवुड में अपना करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उनकी दिलचस्पी अभिनय में बिल्कुल नहीं है। वैराइटी इंडिया से इस खबर की पुष्टि करते हुए गोल्डी ने खुलासा किया, "रणवीर फिल्म मेकर बनना चाहता है। फिलहाल, वो फिल्म निर्माण की पढ़ाई कर रहा है और फिल्में व अन्य कंटेंट बनाना चाहता है। वो एक बहुत अच्छा एडिटर है और एडिटिंग में उसकी गहरी रुचि है।"
योजना
परंपरागत सिनेमा से हटकर कुछ अलग करेंगे रणवीर
गोल्डी बोले, "रणवीर जो कर रहा है, उसका पूरा लुत्फ उठा रहा है। वो अभी सिर्फ 20 साल का है। पहले उसे अपनी पढ़ाई पूरी करने दें। उसे अपने दर्शकों को समझने दें। उसके बाद वो उनके लिए फिल्म, सीरीज या जो कुछ भी बनाना चाहता है, बना सकता है। रणवीर का काम पारंपरिक सिनेमा तक ही सीमित नहीं रहेगा। हो सकता है वो वीडियो गेम बनाए या लाइव-एक्शन, एनीमे या ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) के क्षेत्र में कुछ बड़ा करे।"
रास्ता
आर्यन खान ने भी चुनी फिल्म मेकिंग की राह
गोल्डी ने कहा, "मैंने अपने जीवन में जो सबसे बड़ा सबक सीखा है, वो ये कि आप जो भी कर रहे हैं, उसका आपको आनंद लेना चाहिए। पैसा कई बार मनोरंजन की कमी को पूरा कर सकता है, लेकिन ज्यादातर समय अगर आप अपने काम का आनंद नहीं ले रहे हैं तो आप पैसा भी नहीं कमा पाएंगे।" शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने भी अपनी करियर की शुरुआत के लिए एक्टिंग के बजाय फिल्म मेकिंग को चुना है।
सफर
सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल की फिल्मी विरासत
90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने 'सरफरोश', 'हम साथ-साथ हैं' और 'दिलजले' जैसी सुपरहिट फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई, वहीं गोल्डी ने कैमरे के पीछे रहकर 'बस इतना सा ख्वाब है' और 'द्रोणा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। इस जोड़ी ने न केवल बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई, बल्कि अपने प्रोडक्शन हाउस 'रोज ऑडियो विजुअल्स' के जरिए टेलीविजन और OTT की दुनिया में भी कई सफल प्रोजेक्ट पेश किए हैं।