
सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी पहली कमाई की थी दान, जानिए अभिनेत्री से जुड़ी अनसुनी बातें
क्या है खबर?
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी प्रतिभा के दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाई है। अपनी पहली फिल्म 'दबंग' से लेकर 'हीरामंडी' तक उन्होंने अपने अलग-अलग किरदारों से लोगों का दिल जीता।
ऐसे में सोनाक्षी के काम की दुनिया दीवानी है। हालांकि, अब भी उनके बारे में कुछ बातें ऐसी हैं जो शायद ही लोग जानते होंगे।
आज सोनाक्षी 37 साल की हो गई हैं और इस मौके पर हम आपको उनकी अनसुनी बातों से रूबरू कराने जा रहे हैं।
करियर
फैशन डिजाइनर बनते-बनते अभिनेत्री बनीं सोनाक्षी
शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी यूं तो अपने अभिनय से सबको प्रभावित करने में सफल रही हैं, लेकिन वह एक समय ऐसा था जब उन्होंने अभिनेत्री बनने का ख्वाब तक नहीं देखा था।
सोनाक्षी ने अपना करियर बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर फिल्म 'मेरा दिल लेके देखो' से शुरू किया था। वह एक फैशन डिजाइनर बनना चाहती थीं।
हालांकि, उनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सलमान खान के कहने पर अभिनेत्री ने फैशन डिजाइनिंग छोड़कर फिल्मों का रुख किया।
फीस
पहली फिल्म की फीस की दान
सोनाक्षी ने उनके हुनर को पहचानने वाले सुपरस्टार सलमान के साथ ही साल 2010 में फिल्म 'दबंग' से बतौर अभिनेत्री पर्दे पर कदम रखा।
यह कई बॉक्स-ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2010 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी। साथ ही, इस फिल्म ने ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर का दर्जा भी हासिल किया था।
सोनाक्षी इस फिल्म से रातों-रात स्टार बन गईं। हालांकि, अपनी पहली फिल्म की साइनिंग अमाउंट सोनाक्षी ने सलमान की चैरिटेबल फाउंडेशन 'बीइंग ह्यूमन' को दान दी थी।
ट्रांसफॉर्मेशन
डेब्यू से पहले किया कमाल का बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन
यूं तो सोनाक्षी अपनी मासूमियत, खूबसूरत मुस्कान और प्रभावशाली अभिनय से इंडस्ट्री में पहचान बनाने में सफल रहीं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी की डेब्यू से पहले अभिनेत्री का वजन 90 किलो था।
अभिनेत्री ने फिल्मी करियर शुरू करने से पहले लगभग 30 किलो वजन कम किया था। सलमान ने ही उन्हें फिट होने के लिए प्रोत्साहित किया था।
वजन कम करना सोनाक्षी के लिए आसान काम नहीं था। उन्होंने वजन कम करने के लए कार्डियो, साइकिलिंग, वेट ट्रेनिंग की।
आदर्श
अक्षय कुमार को अपना आदर्श मानती हैं सोनाक्षी
बेशक सोनाक्षी को बॉलीवुड में लाने वाले सलमान हों, लेकिन अभिनेत्री एक नहीं बल्कि कई इंटरव्यू में खुलासा कर चुकी हैं कि वह अक्षय कुमार को अपना आदर्श मानती हैं।
सोनाक्षी हमेशा उस तरह के अनुशासन में रहना पसंद करती हैं जैसे अक्षय रहते हैं। वह उनकी तरह कड़ी मेहनत भी करना चाहती हैं।
बता दें, सोनाक्षी ने अक्षय के साथ 'राउडी राठौर', 'मिशन मंगल', 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा', 'जोकर', 'हॉलिडे' जैसी फिल्मों में काम किया है।
जानकारी
रीना रॉय की बेटी हैं सोनाक्षी?
डेब्यू के बाद सोनाक्षी के लुक्स की जमकर तारीफ हुई थी। लोगों को उनमें दिग्गज अभिनेत्री रीना रॉय की झलक दिखी थी। ऐसे में उस समय ऐसी अफवाहें उड़ी थीं कि सोनाक्षी, शत्रुघ्न और रीना की बेटी हैं। हालांकि, इनमें कोई सच्चाई नहीं थी।