स्मृति ईरानी बोलीं- काम मांगने में कैसी शर्म? पद अधिकार दे सकता है, अहंकार नहीं
क्या है खबर?
राजनीति के बाद छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने वाली स्मृति ईरानी ने दो दशक बाद एक बार फिर 'तुलसी विरानी' के रूप में दिल जीत लिया। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के अंत से पहले स्मृति ने राजनीति और एक्टिंग के बीच संतुलन बनाने पर बात की। साल 2024 लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने खुद फोन उठाकर काम मांगा। उनके मुताबिक, राजनीति जनता से किया वादा है, वहीं एक्टिंग वो कला है, जिससे उन्हें हमेशा प्यार रहा।
स्वाभिमान
"दोबारा काम मांगने में शर्म कैसी"
बॉम्बे टाइम्स से स्मृति ने स्वाभिमान के साथ कहा कि उन्हें खुद पर गर्व है कि उन्होंने काम के लिए फोन किया।
स्मृति ने बेबाकी से सवाल उठाया, "काम मांगने में मुझे शर्म क्यों आनी चाहिए? मैंने अपने करियर की शुरुआत ही मौके मांगकर की थी। क्या कामयाबी मुझे इतना अहंकारी बना दे कि दोबारा काम मांगना मेरी शान के खिलाफ हो जाए?"
स्मृति बोलीं कि कला के प्रति उनका समर्पण या काम के प्रति निष्ठा कभी कम नहीं होगी।
बेबाक बोल
खुद फोन घुमाया और काम मांगा- स्मृति
स्मृति का मानना है कि जीवन में शून्य से दोबारा शुरुआत करने में बहुत सम्मान और ताकत होती है। वो कहती हैं कि पद आपको अधिकार दे सकता है, लेकिन अहंकार या ऐंठन नहीं देना चाहिए।
अपनी वापसी पर बेबाकी से बात करते हुए उन्होंने कहा, "2024 के चुनावों के बाद मैं चाहती तो घर बैठकर किसी का फोन आने का इंतजार कर सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मैंने खुद फोन करके काम मांगा।"
दर्द
"मैंने सिर्फ एक्टिंग नहीं, खुद को वापस पाया"
स्मृति ने अपनी इस नई पारी पर भावुक होते हुए आगे कहा, "शायद उस एक पल में मैंने सिर्फ एक्टिंग में वापसी नहीं की, बल्कि खुद के भीतर की उस युवा लड़की को फिर से पा लिया, जिसका मानना था कि दोबारा शुरुआत करने में शर्म की कोई बात नहीं है।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि हमेशा शीर्ष पर बने रहने की क्षमता से कहीं ज्यादा बड़ा आत्मविश्वास शून्य से फिर से शुरुआत करने की हिम्मत में होता है।
अंत
'तुलसी-मिहिर' की विदाई, कब खत्म होगा 'क्योंकि सास भी.... 2'?
बता दें कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' जुलाई 2025 में धमाकेदार अंदाज में शुरू हुआ था। शो में अमर उपाध्याय (मिहिर) और स्मृति (तुलसी) की कालजयी जोड़ी ने वापसी की, जबकि अमन गांधी, शगुन शर्मा, तनीषा मेहता और रोहित सुचांती नए चेहरे बने।
अब ये लोकप्रिय शो विदा लेने जा रहा है। इसका आखिरी एपिसोड 20 अक्टूबर को रात साढ़े 10 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होगा, जिसे दर्शक जियो हॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।