Page Loader
पिछले दशक की कुछ बेहतरीन फिल्में, जिन्हें दर्शकों के साथ समीक्षकों ने भी पसंद किया

पिछले दशक की कुछ बेहतरीन फिल्में, जिन्हें दर्शकों के साथ समीक्षकों ने भी पसंद किया

Jan 02, 2021
08:00 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड में हर साल सैकड़ों फिल्में बनती हैं। उनमें से कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिन्हें लोग दशकों तक याद रखते हैं। सिनेमा की शुरुआत से लेकर अब तक बॉलीवुड में कई बेहतरीन फिल्में बनी हैं, जिन्हें भारत के साथ-साथ विदेशों में भी खूब पसंद किया गया। इसके अलावा उनमें से कई बॉलीवुड फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड भी मिले। ऐसे में आज हम आपको साल 2010 से लेकर 2020 के बीच बनी छह बेहतरीन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में बताएंगे।

#1

उड़ान (2010)

विक्रमादित्य मोटवानी द्वारा निर्देशित फिल्म 'उड़ान' बाप-बेटे के खराब रिश्ते के ऊपर आधारित है। फिल्म में स्कूल से निकाले जाने के बाद रोहन अपने घर वापस आता है। रोहन लेखक बनना चाहता है, लेकिन उसके पिता जबरदस्ती उसे फैक्टरी में काम करने के लिए मजबूर करते हैं। इस फिल्म में रोनित रॉय, रजत बरमेचा, राम कपूर और मनजोत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

#2

द लंचबॉक्स (2013)

रितेश बत्रा द्वारा निर्देशित फिल्म 'द लंचबॉक्स' मुंबई के डब्बावालों और उनके ग्राहकों के ऊपर आधारित है। फिल्म में इला अपने पति के ऑफिस में खाना भेजती है, लेकिन डब्बावाले की गलती की वजह से वह साजन फर्नांडीज के पास पहुंच जाता है। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती शुरू हो जाती है। इस फिल्म में इरफान खान, निम्रत कौर और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

#3

मसान (2015)

नीरज घायवान द्वारा निर्देशित फिल्म 'मसान' वास्तविकता और जीवन संघर्ष के ऊपर आधारित है। फिल्म में देवी शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने की सजा भुगतती है, वहीं प्रेमी दीपक और शालू समाज में फैले जातिवाद की वजह से परेशानी का सामना करते हैं। फिल्म वर्तमान भारतीय समाज की सच्चाई को दिखाती है। इस फिल्म में विक्की कौशल, श्वेता त्रिपाठी, ऋचा चड्ढा, संजय मिश्रा और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

#4

न्यूटन (2017)

अमित वी. मसूरकर द्वारा निर्देशित फिल्म 'न्यूटन' नक्सल क्षेत्र की चुनावी प्रक्रिया के ऊपर आधारित है। फिल्म में चुनाव अधिकारी न्यूटन कुमार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। वह सही से चुनाव कराने की कोशिश करता है, जिसके लिए उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। इस फिल्म में राजकुमार राव, अंजली पाटिल, पंकज त्रिपाठी और रघुबीर यादव मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप अमेजन प्राइम पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

#5

अंधाधुन (2018)

श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित फिल्म 'अंधाधुन' दृष्टिहीन व्यक्ति के ऊपर आधारित है। फिल्म में पियानो बजाने वाला आकाश दृष्टिहीन बनकर जीवन जीने की कोशिश करता है। इस बीच एक दिन वह एक हत्या का गवाह बन जाता है और उसका जीवन पूरी तरह से बदल जाता है। इसके लिए उसे भारी कीमत भी चुकानी पड़ती है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना, तब्बू, राधिका आप्टे और अनिल धवन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

#6

गली बॉय (2019)

जोया अख्तर द्वारा निर्देशित फिल्म 'गली बॉय' अपने सपनों को पूरा करने के ऊपर आधारित है। फिल्म में गरीब परिवार का मुराद रैपर बनना चाहता है, लेकिन उसके पिता ऐसा नहीं चाहते हैं। ऐसे में वह अपने पिता के खिलाफ जाकर अपने सपने को पूरा करने की कोशिश करता है। इस फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, सिद्धांत चतुर्वेदी, शीबा चड्ढा और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आप अमेजन प्राइम पर ऑनलाइन देख सकते हैं।