Page Loader
गायक राहुल जैन पर महिला ने लगाया घर बुलाकर बलात्कार करने का आरोप, मामला दर्ज
गायक राहुल जैन पर रेप का आरोप (तस्वीर- इंस्टा/@rahuljainofficiall)

गायक राहुल जैन पर महिला ने लगाया घर बुलाकर बलात्कार करने का आरोप, मामला दर्ज

Aug 16, 2022
10:34 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के जाने-माने गायक राहुल जैन गंभीर मामले में फंस गए हैं। उन पर एक कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट ने बलात्कार का आरोप लगाया है। खबरों की मानें तो मुंबई की रहने वाली 30 वर्षीया एक महिला स्टाइलिस्ट ने कहा कि गायक ने उन्हें अपने घर पर बुलाकर उनका बलात्कार किया है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, गायक राहुल ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है।

रिपोर्ट

शिकायतकर्ता ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई FIR

शिकायतकर्ता ने इस संबंध में मुंबई स्थित ओशिवारा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने अपने बयान में बताया कि राहुल ने उनसे इंस्टाग्राम पर संपर्क किया था। उनका कहना है कि गायक ने उनके काम की तारीफ भी की थी। शिकायतकर्ता की मानें तो महिला को राहुल ने अपने अंधेरी स्थित घर में बुलाया और उनके साथ इस घटना को अंजाम दिया। ईटाइम्स के अनुसार, राहुल ने अपने ऊपर पर लगे आरोपों को फर्जी और निराधार बताया है।

आरोप

महिला ने लगाया विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप

यह मामला 11 अगस्त का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि राहुल ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वे उन्हें अपना पर्सनल कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट बना देंगे। शिकायत में बताया गया है कि जब महिला राहुल के घर पहुंचीं, तो अपना समान दिखाने के बहाने वह उन्हें अपने बेडरूम ले गए और इसके बाद उनके साथ बलात्कार किया। महिला ने कहा कि जब उन्होंने विरोध किया, तो राहुल ने उनके साथ मारपीट की।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

राहुल ने 2016 में आई फिल्म 'फीवर' से बतौर म्यूजिक डायरेक्टर अपना डेब्यू किया था। इसके बाद राहुल ने विक्रम भट्ट की फिल्म '1921' में गाना 'आने वाला कल' गाया था। उन्होंने पंकज त्रिपाठी की फिल्म 'कागज' में भी अपना संगीत दिया है।

धारा

इन धाराओं में दर्ज हुई राहुल के खिलाफ FIR

गायक राहुल पर सबूत मिटाने का आरोप भी लगाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राहुल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा (IPC) 376, 323 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में अभी तक गायक को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोप लगाने वाली महिला फ्रीलांस कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करती हैं।

बयान

अपने ऊपर लगे आरोपों पर क्या बोले राहुल?

जब सिंगर राहुल से संपर्क किया तो उन्होंने कहा, "मैं इस महिला को नहीं जानता। उनके द्वारा लगाए गए आरोप झूठे और निराधार हैं। पहले भी एक महिला ने मुझ पर इसी तरह के आरोप लगाए थे, लेकिन मुझे न्याय मिला। यह महिला उस महिला की सहयोगी हो सकती है।" बता दें कि एक बॉलीवुड गीतकार और लेखिका ने भी पिछले साल अक्टूबर में राहुल के खिलाफ बलात्कार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।