भूमि पेडनेकर पर भड़कीं गायिका नेहा भसीन- कलेजा नहीं तो चुप रहना ही बेहतर है बहन
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए NEET-UG 2026 विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा पर सवाल उठाना अभिनेत्री भूमि पेडनेकर को भारी पड़ गया है। इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ा है। अब गायिका नेहा भसीन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भूमि को खरी-खोटी सुनाई है।
निशाना
पुलिसिया कार्रवाई पर भड़कीं नेहा ने भूमि को लताड़ा
नेहा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अगर प्रधानमंत्री को गालियों से ठेस पहुंचती है तो मैं उनकी और ज्यादा इज्जत करती यदि वो प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को सरेआम गलत तरीके से छूने पर पुलिस की भी क्लास लगाते। उन्होंने खुद कहा कि ये बच्चे हैं, लेकिन पुलिस का काम रक्षा और कानून पालन कराना है। फिर वहां पुलिस की कोई जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही? भूमि पेडनेकर 'लॉक अप' में भी स्क्रिप्टेड थीं और इन प्रदर्शनों पर भी।'।'
नसीहत
प्रधानमंत्री पर बयान देने पर नेहा ने भूमि को दी नसीहत
नेहा ने भूमि को नसीहत देते हुए आगे लिखा, 'अगर सच बोलने का गुद्दा नहीं तो चुप रहना ही सबसे बेहतर है बहन।'
दरअसल, भूमि ने अपने वीडियो में कहा था, "युवाओं द्वारा बोली जा रही ऐसी भाषा देखना दुखद है। हम देश के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं। क्या हम अपने घर के बड़ों से कभी ऐसे बात करेंगे? क्या हमें इस तरह की अभद्र और अपमानजनक भाषा का सहारा लेना चाहिए?"
सलाह
NEET पेपर लीक प्रदर्शन में गाली-गलौज पर भड़कीं थी भूमि
भूमि ने आगे कहा था, "दोस्तों, ये हमारी संस्कृति नहीं है, यह गलत है। हमारी संस्कृति और मूल्य हमारी रीढ़ हैं, इनसे भटकना नहीं चाहिए। अगर हम इनसे दूर हुए तो सही बात को सही तरीके से नहीं कह पाएंगे और न ही समाज में कोई सकारात्मक बदलाव ला पाएंगे।"
उनका ये बयान NEET पेपर लीक मामले से जुड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा के विवाद के बीच आया था।
विवाद
मोदी पर अश्लील नारेबाजी से गर्माया छात्र आंदोलन
छात्र आंदोलन से जुड़ा यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में कुछ छात्र प्रधानमंत्री मोदी और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ बेहद अभद्र और अश्लील नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे थे।
अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए इस पर कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने प्रदर्शन का समर्थन करने वालों को 'कॉकरोच' बताते हुए देश से बाहर फेंकने की बात कही थी।