समय रैना के शो में उड़ा अदनान सामी का मजाक? अब गायक ने दिया ये जवाब
क्या है खबर?
समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। हुआ यह कि अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म 'उड़ता तीर' का प्रमोशन करने शो में पहुंचे। यह फिल्म पाकिस्तानी जासूस पर आधारित है, जो भारत आकर अपनी याददाश्त खो बैठता है और देशप्रेमी बन जाता है। शो के दौरान अचानक फिल्म का कनेक्शन अदनान सामी से जुड़ा गया, जिस पर गायक ने भी प्रतिक्रिया दी।
मामला
जानिए कैसे जुड़ा गायक से कनेक्शन
शो के दौरान, आयुष्मान ने अपनी फिल्म 'उड़ता तीर' को "भारत की पहली देशभक्ति कॉमेडी" बताया।
उन्होंने बताया कि वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आता है और अपनी याददाश्त खो देता है। उसे याद है कि वह देशभक्त है लेकिन यह भूल जाता है कि वह किस देश का है।
जैसे ही आयुष्मान ने अपने किरदार के बारे में बताया, वहां मौजूद कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ कूद पड़े और बोले, "वो अदनान सामी है।"
जवाब
अदनान ने पोस्ट लिखकर दी प्रतिक्रिया
आयुष्मान और आदित्य की बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर अदनान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'पहले मुझसे राइट्स लो और फिर फिल्म बनाओ।'
बता दें, अदनान मूल रूप से एक पाकिस्तानी गायक हैं, जिन्होंने 2016 में भारतीय नागरिकता हासिल कर ली थी।
शो के दौरान, कॉमेडियन का यह चुटकुला गायक के पाकिस्तानी मूल और भारतीय नागरिकता को लेकर ट्रोल किए जाने के इतिहास पर आधारित है।