सिद्धू मूसेवाला के परिवार में आएगा नन्हा मेहमान, गायक की मां जल्द देंगी बच्चे को जन्म
क्या है खबर?
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने गायक सिद्धू मूसेवाला बेशक अब इस दुनिया में ना हों, लेकिन वह अब भी मीडिया खबरों में बने रहते हैं।
कभी उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर उनका नाम ट्रेंड कराने लगते हैं तो कभी उनकी हत्या की जांच पड़ताल के कारण वह चर्चा में आ जाते हैं।
हालांकि, आज एक अच्छी खबर के कारण उनका नाम सुर्खियों में है। खबर आ रही है कि मूसेवाला के माता-पिता जल्द अपने घर बच्चे का स्वागत करेंगे।
खुशखबरी
मूसेवाला के घर गूंजेगी किलकारी
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिवंगत पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू यानी मूसेवाला के माता-पिता जल्द ही अपने परिवार में एक नए सदस्य का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।
पारिवारिक सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मूसेवाला की मां चरण कौर गर्भवती हैं और जल्द ही एक बच्चे को जन्म देंगी।
इस खबर से मूसेवाला के प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
करियर
गायिकी के साथ राजनीति में भी अजमाया हाथ
अपने गानों से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले मूसेवाला का जन्म 11 जून, 1993 को मनसा स्थित मूसवाला गांव में हुआ था। पंजाब के छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने देश दुनिया में कामयाबी हासिल की।
वह एक शानदार गायक होने के साथ ही मूसेवाला ने राजनीति का रुख भी किया था। गायक 2021 में कांग्रेस से जुड़े थे। पार्टी ने उन्हें एक मौका देते हुए उन्हें चुनाव लड़ाया था।
हालांकि, वह यह चुनाव हार गए थे।
हत्या
कैसे हुई मूसेवाला की मौत?
मूसेवाला को प्रसिद्धि के साथ ही रंजिश का भी सामना करना पड़ा था। इन्हीं रंजिशों की वजह से 29 मई, 2022 की शाम को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
हमलावर दो कारों में सवार होकर आए थे। हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया गया, जब मूसेवाला अपनी थार गाड़ी से दो साथियों के साथ जा रहे थे।
बता दें, हत्या से एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा हटाई थी।
फिल्म
मूसेवाला हत्याकांड पर बनेगी फिल्म
यूं तो मूसेवाला के सभी गाने इंटरनेट पर आते ही छा जाते थे, लेकिन उनके कुछ मशहूर गानों में 'सो हाई', 'टोसन', 'बैड फेला' और 'लीजेंड' शामिल हैं।
बता दें, मूसेवाला की हत्या पर एक फिल्म बनने की भी खबर आई थी। मूसेवाला की हत्या की कहानी को करीब से दिखाने की जिम्मेदारी निर्देशक श्रीराम राघवन ने ली है।
राघवन ने क्रिमिनल जर्नलिस्ट जुपिंदरजीत सिंह की किताब 'हू किल्ड मूसेवाला' के अधिकार खरीदे थे, जिस पर यह फिल्म बनाई जाएगी।