'ज्वेल थीफ' का दूसरा भाग लेकर लौटेंगे सिद्धार्थ आनंद, अगले साल शुरू होगी शूटिंग
क्या है खबर?
निर्देशक सिद्धार्थ आनंद इन दिनों शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' में व्यस्त हैं। खबर है कि यह फिल्म पूरी करने के बाद, वह हीस्ट थ्रिलर 'ज्वेल थीफ' का दूसरा भाग लेकर आएंगे और इसके लिए उन्होंने नेटफ्लिक्स से दोबारा हाथ मिलाया है। जाहिर है कि सैफ अली खान और जयदीप अहलावत अभिनीत यह फिल्म पिछले साल रिलीज हुई थी, और इसके जरिए सिद्धार्थ ने अपना डिजिटल डेब्यू किया था। फिल्म की सफलता इसके सीक्वल की राह खोल रही है।
सहयोग
'ज्वेल थीफ 2' के लिए फिर साथ आएंगे सिद्धार्थ और नेटफ्लिक्स
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि सिद्धार्थ और नेटफ्लिक्स 'ज्वेल थीफ 2' के लिए सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "सिद्धार्थ आनंद का विजन ज्वेल थीफ को एक अनोखी हीस्ट फ्रेंचाइजी में बदलने का है, बिल्कुल ओशन्स 11 की तरह। सीक्वल अभी लिखा जा रहा है, और नेटफ्लिक्स भी सिड और उनकी टीम के इस आइडिया से उत्साहित है।"
सूत्र ने यह भी बताया कि फिल्म अगले साल यानी, 2027 में फ्लोर पर आने वाली है।
कास्ट
क्या फिर होगी सैफ और जयदीप की वापसी
'ज्वेल थीफ' में सैफ और जयदीप ने मुख्य किरदार निभाया था। उनके साथ कुणाल कपूर भी नजर आए थे।
हालांकि, दूसरे भाग में कास्टिंग में बदलाव हो सकता है। सूत्र ने कहा, "आइडिया यह है कि दूसरी फिल्म में नई कास्ट के साथ इसे और बड़ा बनाया जाए। थिएटर की दुनिया के लिए धूम की तरह, ज्वेल थीफ में भी नए विलेन होंगे, लेकिन डिजिटल दुनिया के लिए।"
उन्होंने बताया कि फिल्म से जुड़े अन्य अपडेट जल्द आएंगे।