Loading...
श्रुति हासन पहुंची बॉम्बे हाई कोर्ट, डीपफेक और फर्जी तस्वीरों के खिलाफ उठाई आवाज
श्रुति हासन ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया

श्रुति हासन पहुंची बॉम्बे हाई कोर्ट, डीपफेक और फर्जी तस्वीरों के खिलाफ उठाई आवाज

Aug 03, 2026
04:48 pm

क्या है खबर?

श्रुति हासन ने AI- जेनेरेटेड डीपफेक सामग्री, फर्जी विज्ञापन और अपनी पहचान के अनधिकृत उपयोग के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दायर करते हुए निजता और प्रचार अधिकारों की सुरक्षा की मांग की। अपने मुकदमे में अभिनेत्री ने कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों और अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया किया है। श्रुति ने आरोप लगाया कि इन संस्थाओं ने ऐसी सामग्री को बढ़ावा दिया, जो उनके अधिकारों का उल्लंघन करती हैं।

आरोप

डीपफेक और आपत्तिजनक सामग्री पर जताई चिंता

श्रुति ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि उनकी अनुमति के बिना उनके नाम व छवि का इस्तेमाल करते हुए डीपफेक और आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई।

इनमें कुछ ऐसे वीडियो भी हैं, जिन्हें अन्य अभिनेताओं के साथ रोमांटिक संबंधों में गलत तरीके से दर्शाया गया है।

अभिनेत्री ने आपत्तिजनक और यौन रूप से स्पष्ट वीडियो पर चिंता जताते हुए कोर्ट से अपनी पहचान और व्यक्तित्व संबंधी विशेषताओं के अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए निषेधाज्ञा की मांग की है।

हर्जाना

आपत्तिजनक सामग्री हटाने के अलावा हर्जाने की मांग

श्रुति ने मांग की है कि कोई भी व्यक्ति उनके नाम, तस्वीरों या पहचान का गलत इस्तेमाल करके पैसे न कमा सके और जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा मिले।

आरोपियों में, महालक्ष्मी आर्ट्स एंड क्राफ्ट वर्क्स भी शामिल है, जिसपर बिना अनुमति फ्लिपकार्ट पर अभिनेत्री के नाम और तस्वीर वाले पोस्टर बेचने का आरोप है।

फिलहाल, जज अभय आहूजा ने अभिनेत्री को वाणिज्यिक मुकदमा दायर करने के लिए लेटर्स पेटेंट की धारा XII के तहत अनुमति दे दी है।

ADVERTISEMENT