शिल्पा शेट्टी और जैकी श्रॉफ 26 साल बाद फिर साथ, अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा धमाल
क्या है खबर?
शिल्पा शेट्टी और जैकी श्रॉफ की जोड़ी पूरे 26 साल बाद पर्दे पर वापसी कर रही है। ये दोनों कलाकार अमेजन प्राइम वीडियो की एक नई वेब सीरीज के लिए साथ आए हैं। आखिरी बार इन्हें 26 साल पहले पर्दे पर साथ देखा गया था, इसलिए दशकों बाद इनके नए प्रोजेक्ट ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया है। शिल्पा और जैकी के साथ-साथ उनके प्रशंसक भी इस सीरीज को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
रिपोर्ट
OTT पर आएगी दिल छू लेने वाली सीरीज
मिड डे के मुताबिक, शिल्पा और जैकी की जोड़ी पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। दोनों अमेजन प्राइम वीडियो की एक वेब सीरीज के लिए बातचीत कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि ये 8 कड़ियों की एक 'स्लाइस-ऑफ-लाइफ' ड्रामा सीरीज होगी, जो शहरी रिश्तों और जीवन में मिलने वाले दूसरे मौकों की कहानी बयां करेगी। निर्माताओं का उद्देश्य इसे एक ऐसा शो बनाना है, जो असल जिंदगी के करीब और दिल को छू लेने वाला हो।
शूटिंग
कब शुरू होगी शूटिंग?
इस नई वेब सीरीज की स्क्रिप्ट फाइनल हो चुकी है। प्रोडक्शन टीम फिलहाल मुंबई और पुणे में शूटिंग के लिए सही जगहों की तलाश कर रही है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो सीरीज की शूटिंग मार्च से शुरू हो जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, शूटिंग के लिए 60 दिनों का समय तय किया गया है। टीम अब बस कलाकारों (शिल्पा और जैकी) की ओर से तारीखों पर मोहर लगने का इंतजार कर रही है।
पिछली फिल्म
26 साल पहले इस फिल्म में साथ दिखे थे जैकी और शिल्पा
जैकी और शिल्पा पिछली फिल्म 'जंग' में नजर आए थे, जो साल 2000 में रिलीज हुई थी। संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त, आदित्य पंचोली और रवीना टंडन भी थीं। जैकी इंस्पेक्टर वीर चौहान की भूमिका में थे तो शिल्पा ने संजय की गर्लफ्रेंड का किरदार निभाया था। लगभग 8 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 11 करोड़ रुपये कमाए थे। अब 26 साल बाद शिल्पा-जैकी फिर साथ आ रहे हैं।