गायिका शिल्पा राव का लाइव शो बीच में रोका, गाते-गाते अचानक बंद कर दिया गया माइक
क्या है खबर?
बॉलीवुड की मशहूर गायिका शिल्पा राव मुंबई में शनिवार को 'बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट' में परफॉर्म करने पहुंची थीं। हालांकि, उनकी परफॉरमेंस को बीच में ही रोक दिया गया। गायिका ने दर्शकों से बात करने की कोशिश की, लेकिन परफॉर्मेंस के दौरान अचानक उनका माइक बंद कर दिया गया। इस घटना से शिल्पा काफी दुखी हुईं और कार्यक्रम के आयोजकों की काफी आलोचना हुई। अब आयोजकों ने इसके लिए माफी मांगी है।
शिल्पा
शिल्पा ने साझा किया भावुक संदेश
शिल्पा ने सोशल मीडिया का सहारा लेकर इस घटना पर अपनी निराशा जाहिर की।
उन्होंने लिखा, 'इतनी खूबसूरत चीज का इस तरह हमसे छिन जाना बहुत तकलीफ देता है। हालांकि, संगीत रुक जाने के बाद भी, आप नहीं रुके। जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाज में जो प्यार था, मैं वह सब महसूस कर सकती थी। आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई। मैं वादा करती हूं, मैं वापस आउंगी।'
मामला
आयोजकों ने गायिका से मांगी माफी
घटना के तूल पकड़ने के बाद आयोजकों ने माफी मांगते हुए बयान जारी किया।
उन्होंने लिखा, 'BMP में हमारा मिशन अपने कलाकारों और प्रशंसकों के लिए एक बेमिसाल लाइव संगीत अनुभव प्रदान करना है। हम शिल्पा राव की परफॉरमेंस के अचानक खत्म होने के बारे में बात करना चाहते हैं। सबसे पहले, हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। लाइव कार्यक्रम में अचानक बदलाव आ सकते हैं, जिसमें पहले की परफॉरमेंस का तय समय से लंबा खिंच जाना भी शामिल है।'
कारण
क्यों बीच में रोकी गई थी परफॉर्मेंस?
आयोजकों ने शिल्पा की परफॉर्मेंस को अचानक रोकने के पीछे का कारण भी बताया।
बयान में कहा गया, 'हमारे उत्सव स्थानीय प्रशासन के कड़े दिशा-निर्देशों और आयोजन स्थल पर लागू कर्फ्यू नियमों के तहत आयोजित होते हैं, इसलिए लगातार हुई देरी के कारण शिल्पा की परफॉरमेंस को समय से पहले ही समाप्त करना पड़ा।'
आयोजकों ने कहा कि वे शिल्पा, उनकी टीम और उनके प्रशंसकों से दिल से माफी मांगते हैं।