'खतरों के खिलाड़ी 11' में नजर आ सकती हैं शेफाली जरीवाला
क्या है खबर?
'कांटा लगा' गर्ल शेफाली जरीवाला पिछली बार 'बिग बॉस 13' में नजर आई थीं। इसके बाद वह छोटे पर्दे से गायब हो गईं क्योंकि शेफाली अपने कुछ वेब शोज, म्यूजिक एल्बम और लाइव इवेंट में व्यस्त थीं।
पिछली बार शेफाली को मीका सिंह के साथ एक म्यूजिक वीडियो में देखा गया था। अब शो 'खतरों के खिलाड़ी' में शेफाली की एंट्री हो सकती है। हाल ही में उन्हें इस शो का ऑफर मिला है।
आइए जानते हैं पूरी खबर।
खुलासा
शेफाली ने दिखाई है शो में दिलचस्पी
'बिग बॉस' के खत्म होने के बाद स्टंट आधारित शो 'खतरों के खिलाड़ी' शुरू होता है। ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक शेफाली जरीवाला को 'खतरों के खिलाड़ी 11' की पेशकश की गई है।
खास बात यह है कि शेफाली ने इसमें दिलचस्पी भी दिखाई है। हालांकि अभी चीजों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
अगर सब कुछ ठीक रहा तो शेफाली बहुत जल्द पर्दे पर खतरों से खेलती नजर आएंगी।
जानकारी
शो के लिए इन सितारों से भी किया जा चुका है संपर्क
शो के नए सीजन की बात करें तो इस बार उर्वशी ढोलकिया, एरिका फर्नांडिस, रुबीना दिलैक, अभिनव शुक्ला, मोहित मलिक, पुरु चिब्बर जैसी कई हस्तियों से संपर्क किया गया है।
शो के पिछले सीजन में करिश्मा तन्ना विजेता के रूप में उभरकर सामने आईं। इस बार भी निर्देशक रोहित शेट्टी 'खतरों के खिलाड़ी 11' को होस्ट करने वाले हैं। वह समर 2021 में अपने इस शो की शूटिंग करेंगे।
पिछली बार इस शो की शूटिंग बुल्गारिया में हुई थी।
छुट्टी
पति के साथ मालदीव पहुंची हुई हैं शेफाली
इन दिनों शेफाली अपने पति पराग त्यागी के साथ मालदीव में छुट्टी मना रही हैं। इंस्टाग्राम पर वह फैंस के साथ वेकेशन की तस्वीरें भी पोस्ट कर रही हैं।
हाल ही में मालदीव में मस्ती करते हुए शेफाली का एक वीडियो भी वायरल हुआ था।
खबर थी कि वह जल्द ही 'भाबीजी घर पर हैं' में सौम्या टंडन की जगह लेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शो में आखिरकार सौम्या की जगह नेहा पेंडसे की एंट्री हुई।
शोहरत
'कांटा लगा' ने शेफाली को बनाया था रातों-रात स्टार
बॉलीवुड में ऐसे कई नाम हुए हैं, जो रातों-रात मशहूर हो गए और इसी सिलसिले में शेफाली का नाम भी शामिल है। 'कांटा लगा' गाने से शेफाली बेहद लोकप्रिय हो गई थीं। इसके तुरंत बाद शेफाली को टीवी शो का ऑफर आ गया।
उनके पास साउथ की कई फिल्मों में गाने करने के ऑफर भी आए, पर शेफाली ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो में काम किया लेकिन वो 'कांटा लगा' वाली बात नहीं आई।