LOADING...
सुशांत सिंह राजपूत की बायोपिक के पक्ष में नहीं शत्रुघ्न सिन्हा, बोले- कोई जरूरत नहीं
सुशांत सिंह राजपूत की बायोपिक के बारे में क्या बोले शत्रुघ्न सिन्हा?

सुशांत सिंह राजपूत की बायोपिक के पक्ष में नहीं शत्रुघ्न सिन्हा, बोले- कोई जरूरत नहीं

Jun 14, 2025
02:58 pm

क्या है खबर?

सुशांत सिंह राजपूत ने 5 साल पहले 14 जून, 2020 को इस दुनिया को अलविदा कहा था। अचानक आई उनकी मौत की खबर ने देश को हिलाकर रख दिया था। सुशांत ने आत्महत्या की थी और इस बात पर आज तक कोई भरोसा नहीं कर पाया है। सुशांत की पुण्यतिथि पर हर कोई उन्हें याद कर रहा है। दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी हालिया बातचीत में सुशांत के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर कीं। आइए जानें क्या बोले शत्रुघ्न।

बयान

सुशांत की मौत पूरे देश की क्षति थी- शत्रुघ्न

ईटाइम्स से शत्रुघ्न ने कहा, "सुशांत की मौत सिर्फ एक व्यक्ति की हार नहीं थी, बल्कि यह एक राष्ट्रीय क्षति थी। सुशांत की जिंदगी में जो जज्बा और जोश था, वो मुझे अपनी शुरुआती जिंदगी की याद दिलाता था। जब मैं मुंबई आया था तो मेरे पास न तो कोई गॉडफादर था, ना कोई बड़ा कनेक्शन, बस जेब में कुछ पैसे और सपनों को लेकर दिल में जुनून था। बस यही जुनून मैंने सुशांत में भी देखा था।"

सराहना

"सुशांत ने बनाया बॉलीवुड में एक खास मुकाम"

शत्रुघ्न बोले, "सुशांत एक ऐसा कलाकार था, जिसने अपनी मेहनत और लगन से बॉलीवुड में खास मुकाम बनाया। उनकी फिल्मों ने उनकी प्रतिभा का प्रमाण दिया और वो एक मजबूत विरासत छोड़ गए। इंडस्ट्री में नए कलाकारों के लिए रास्ता आसान नहीं होता। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वो कभी भी हार न मानें, मेहनत करते रहें, लेकिन साथ ही ये भी समझें कि सफलता का कोई निश्चित समय नहीं होता।"

बायोपिक

सुशांत को नहीं बायोपिक की जरूरत

सुशांत की बायोपिक पर पूछे गए सवाल पर शत्रुघ्न बोले कि सुशांत को किसी बायोपिक की जरूरत नहीं है। उनका जीवन और उनकी उपलब्धियां खुद ही उनके व्यक्तित्व की गवाही हैं। शत्रुघ्न ने कहा, "लोग अपने प्रियजनों की मौत को रहस्यमयी मानते हैं, खासकर तब, जब वे कम उम्र में मर जाते हैं जैसे गुरु दत्त, मीना कुमारी और सबकी पसंदीदा श्रीदेवी।" बता दें कि अभिनेता करणवीर मेहरा ने भी सुशांत को याद कर उनकी कुछ तस्वीरें साझा की हैं।

करियर

सुशांत ने टीवी से किया था फिल्मों का रुख

टीवी पर काम कर तारीफें बटोरने के बाद सुशांत ने फिल्मों की तरफ रुख कर लिया था। सुशांत ने साल 2011 में आई फिल्म 'काई पो चे' से अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्में की थी, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली थी। हालांकि, उनकी 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी', 'केदारनाथ' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।