'रामायण' की धूम के बीच शशि थरूर का धमाका, टीवी होस्ट बनकर सुनाएंगे महाकाव्य की गाथा
क्या है खबर?
मशहूर लेखक और वरिष्ठ राजनेता शशि थरूर अब राजनीति और साहित्य के बाद टीवी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। वो डिस्कवरी की चार-भागों वाली नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स विद शशि थरूर' के साथ बतौर टीवी होस्ट अपना डेब्यू करेंगे। ये खास सीरीज प्राचीन भारतीय महाकाव्य रामायण के श्रीलंका और दक्षिण-पूर्व एशिया तक फैलने की ऐतिहासिक यात्रा और सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाएगी। आइए जानते हैं इस नई सीरीज से जुड़ी खास बातें।
प्रीमियर
डिस्कवरी पर कब आएगी शशि थरूर की खास सीरीज?
वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शशि थरूर इस सीरीज की मेजबानी करने जा रहे हैं। ये 4 भागों वाली डॉक्यूमेंट्री सीरीज भारत में 7 दिसंबर को डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस पर प्रीमियर होगी, जहां हर हफ्ते इसका एक नया एपिसोड रिलीज किया जाएगा।
दर्शकों की सुविधा के लिए ये सीरीज अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगू, बंगाली, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उपलब्ध होगी।
इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज का ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है।
एपिसोड
राम, हनुमान, रावण और सीता पर केंद्रित होंगे चारों एपिसोड
सीरीज के हर एपिसोड में राम, हनुमान, रावण और सीता में से एक की कहानी दिखाई जाएगी। इसमें बताया जाएगा कि अलग-अलग देशों में इन पात्रों को किस तरह दिखाया गया है।
भारत से शुरू होकर ये शो कंबोडिया, श्रीलंका, थाईलैंड, फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया तक पहुंचेगा। इसमें दिखाया जाएगा कि रामायण इन देशों तक कैसे पहुंची। इसके साथ ही ये भी बताया जाएगा कि हर देश ने अपनी परंपराओं और मान्यताओं के अनुसार इस कहानी को किस तरह अपनाया।
बयान
'रामायण' की वैश्विक सफलता पर बोले शशि थरूर
ये शो ऐसे समय में आ रहा है, जब नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' पहले से ही दुनियाभर के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म ने 11 दिनों में दुनियाभर में करीब 1,300 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
इस मौके पर शशि थरूर ने कहा, "'रामायण' इस बात का एक अद्भुत उदाहरण है कि कैसे कोई कहानी सात समंदर पार जाकर दूसरी सभ्यताओं में भी नया जीवन पा सकती है।"
उत्साह
टीवी की दुनिया में नए सफर को लेकर उत्साहित हैं थरूर
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और लेखक थरूर ने कहा कि उन्हें साहित्य, इतिहास और अलग-अलग संस्कृतियों के बारे में जानने में हमेशा से दिलचस्पी रही है। इसी वजह से उन्होंने इस विषय को टीवी होस्ट के रूप में अपनी पहली शुरुआत के लिए चुना।
थरूर ने खुशी जताते हुए कहा कि वो डिस्कवरी के साथ अपने इस नए सफर की शुरुआत करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।