शरद ने बताया शाहरुख खान ने फोन पर क्या कहा, आर्यन से मुलाकात पर दी जानकारी
क्या है खबर?
'जोश' फिल्म से पहचान बनाने वाले अभिनेता शरद कपूर इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपने कुत्तों से अलग होते नजर आए। इसके बाद उन्होंने काम मांगते हुए एक वीडियो साझा किया, जिसके बाद सोनू सूद और सलमान खान समेत कई कलाकार मदद के लिए आगे आए। अब शरद ने खुलासा किया है कि शाहरुख खान ने भी इस मुश्किल वक्त में उन्हें अपना समर्थन दिया है।
मुलाकात
शरद जल्द करेंगे शाहरुख के बेटे से मुलाकात
शरद ने नवभारत टाइम्स के साथ बातचीत में,बताया कि सोशल मीडिया पर काम के लिए उनकी अपील वायरल होने के बाद शाहरुख ने उन्हें फोन किया था।
शरद ने कहा, "शाहरुख ने मुझे फोन करके कहा कि आप जो चाहें और जो करना चाहते हैं, वह करें; मैं आपकी मदद करने के लिए तैयार हूं। अब मैं जल्द ही आर्यन खान से मिलूंगा।"
इससे पहले भी वे सोनू की तारीफ कर चुके हैं।
बयान
शरद ऐसे करते थे शाहरुख की मदद
शरद ने इसके बाद 'जोश' की शूटिंग के दौरान शाहरुख के साथ काम करने की अपनी सुखद यादें साझा करते हुए कहा, "हमारा बहुत गहरा लगाव था, जब भी वह किसी डायलॉग पर अटक जाते थे, तो मैं उनकी मदद करता था- भले ही वह सीन मेरे खिलाफ ही क्यों न हो। मैं ऐसा इसलिए करता था, क्योंकि मैं एक अच्छी फिल्म बनाना चाहता था और शाहरुख एक आत्मविश्वासी अभिनेता हैं।"
खुलासा
सोनू भी कर रहे शरद की मदद
शरद ने आगे बताया कि सोनू ने उनके पैर की चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों की एक टीम और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि वह इलाज के लिए महाराष्ट्र के एक जिले कर्जत जाएंगे।
इससे पहले, 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' ने भी सलमान और सोनू की तारीफ की थी, क्योंकि उन्होंने शरद की जिंदगी के मुश्किल दौर में उनकी मदद की।