डीपफेक वीडियो पर फूटा शालिनी पांडे का गुस्सा, लिखा- ये मैं नहीं, इसे फॉरवर्ड न करें
क्या है खबर?
विजय देवरकोंडा की फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' (2017) से मशहूर हुईं अभिनेत्री शालिनी पांडे डीपफेक वीडियो का शिकार हो गईं, जिस पर उनकी नाराजगी सामने आई है। दरअसल, उनका AI-जेनरेटेड एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जैसे ही उन्हें इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने एक पोस्ट द्वारा लोगों को इसे फॉरवर्ड या डाउनलोड न करने की सलाह दी। शालिनी ने बताया कि यह बेहद परेशान करने वाला मामला है, जिसकी वह निंदा करती हैं।
प्रतिक्रिया
शालिनी ने पोस्ट लिखकर जताई नाराजगी
अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'मैं अपने बारे में एक फर्जी, AI-जेनरेटेड वीडियो के बारे में बात करना चाहती हूं जो इस वक्त ऑनलाइन वायरल हो रहा है। यह वीडियो पूरी तरह से मनगढ़ंत है और इसमें मैं नहीं हूं। ये देखना सच में चिंताजनक है कि तकनीक का इस तरह दुरुपयोग व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाने और नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। मैं इस तरह के दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करती हूं।'
अपील
अभिनेत्री ने अपने फैंस से खास अपील की
उन्होंने आगे लिखा, 'अगर आपको यह वीडियो कहीं दिखे, तो कृपया इसे शेयर, फॉरवर्ड, डाउनलोड या इससे कोई संपर्क न करें। इसके बजाय, इसकी तुरंत रिपोर्ट करें। मैं सभी से जिम्मेदार और जागरूक होने और इसके प्रसार को रोकने में मदद का अनुरोध करती हूं। धन्यवाद!'
शालिनी ने ऐसे समय में आवाज उठाई है, जब डीपफेक सामग्रियों को लेकर चिंता लगातार बढ़ गई है।
हाल ही में, मृणाल ठाकुर ने डीपफेक कंटेंट के खिलाफ कानूनी चेतावनी जारी की थी।