शाहरुख खान ने 'वीर-जारा' के सेट पर ऐसे की थी दिव्या की मदद, अब सुनाया किस्सा
क्या है खबर?
सुपरस्टार शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर दुनियाभर में उनके फैंस जश्न मना रहे हैं। कहीं बुर्ज खलीफा रोशन हुआ तो कहीं मुंबई में 'मन्नत' के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटी है। इस खास मौके पर फिल्म 'वीर-जारा' में अहम भूमिका निभाने वालीं दिव्या दत्ता ने शाहरुख के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने इसे अपने करियर का शानदार पल बताया और याद किया कि कैसे एक सीन में शाहरुख ने उनका मार्गदर्शन किया था।
सपना
दिव्या का यह सपना हुआ पूरा
दिव्या ने कहा, "यश चोपड़ा के साथ काम करना मेरे बचपन का सपना था। मैं अक्सर इसके बारे में सपने देखा करती थी, बिना यह जाने कि यह कभी कैसे मुमकिन होगा। इसी फिल्म ने मुझे पहली बार बड़ी कमर्शियल पहचान दिलाई, जिससे लोग मेरा नाम जानने लगे। यह शाहरुख खान के साथ मेरी पहली फिल्म थी, जो मेरे सबसे पसंदीदा कलाकार हैं। सेट पर काम करना और सीखना वाकई बहुत सुखद अनुभव था।"
मदद
शाहरुख ने की थी दिव्या की मदद
दिव्या से जब पूछा गया कि क्या उन्हें 'वीर-जारा' के सेट से शाहरुख से जुड़ी कोई खास याद है, तो दिव्या ने कहा, " वहां होना ही मेरे लिए बहुत रोमांचक था। मुझे याद है कि बार मेरा चेहरा ठीक से कैमरे की तरफ नहीं था। शाहरुख पास में लाइनों की रिहर्सल कर रहे थे, तभी वह धीरे से मेरे पास आए और फुसफुसाते हुए बोले कि यह तो बस रिहर्सल था; असली टेक के समय थोड़ा और ध्यान रखना।"
तारीफ
दिव्या ने शाहरुख काे साथ-साथ की मनोज की तारीफ
दिव्या ने आगे कहा, "जब मैंने उन्हें धन्यवाद दिया तो उन्होंने कहा, 'हां, अपना ख्याल रखना, क्योंकि मैं तुम्हें गाइड करने के लिए हर सेट पर मौजूद नहीं रहूंगा।' ये जानकर बहुत अच्छा लगा कि शाहरुख जैसे सुपरस्टार मेरा इतना ख्याल रख रहे थे। शाहरुख और मनोज बाजपेयी, दोनों में ही यह उदारता है और यही बात उनके आस-पास के लोग हमेशा याद रखते हैं।"
हाल ही में दिव्या, मनोज के साथ नेटफ्लिक्स की 'गजब रात' में नजर आई थीं।
जानकारी
कब रिलीज हुई थी 'वीर-जारा'?
'वीर-जारा' का निर्देशन यश चोपड़ा ने किया था और इसे आदित्य चोपड़ा ने लिखा था। 12 नवंबर, 2004 को रिलीज हुई इस फिल्म में शाहरुख और दिव्या के साथ-साथ प्रीति जिंटा, रानी मुखर्जी और अमिताभ बच्चन भी मुख्य भूमिका में नजर आए थे।