शाहिद कपूर ने बताया कैसी होगी 'फर्जी सीजन 2', बोले- यह मेरा पसंदीदा शो
क्या है खबर?
शाहिद कपूर की थ्रिलर-ड्रामा वेब सीरीज 'फर्जी' साल 2023 में रिलीज हुई थी। 19 मार्च को अमेजन प्राइम वीडियो ने 'फर्जी सीजन 2' का आधिकारिक ऐलान किया जिसके बाद से फैंस उत्साहित हैं। यह ऐलान एक कार्यक्रम के दौरान किया गया था, जिसमें शाहिद समेत सीरीज की अन्य कास्ट भी शामिल हुई। इस दौरान अभिनेता ने अपनी 'फर्जी सीजन 2' को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने बताया कि वह इसकी शूटिंग का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
शूटिंग
शाहिद कपूर ने 'फर्जी सीजन 2' की शूटिंग शुरू की
कार्यक्रम के दौरान शाहिद ने कहा, "मैं पिछले 2 साल से फर्जी का दूसरा सीजन शुरू होने का इंतजार कर रहा था। मुझे बहुत खुशी है कि आखिरकार यह शुरू हो रहा है।" उन्होंने शूटिंग पर अपडेट देते हुए आगे कहा, "हमने आगे शूटिंग शुरू कर दी है। मैं यह देखने के लिए बेताब हूं कि आगे क्या होता है। यह मेरे द्वारा निभाए गए सबसे पसंदीदा किरदारों में से एक है। यह मेरा पसंदीदा शो है।"
कहानी
अभिनेता ने 'फर्जी सीजन 2' की कहानी पर दिया अपडेट
शाहिद ने आगे कहा, "और जो कुछ भी उन्होंने (निर्माताओं) मुझे दिखाया है, वह पहले सीजन से एक कदम आगे लगता है, लेकिन साथ ही यह कहानी का एक स्वाभाविक विकास भी लगता है।" बता दें, 'फर्जी' का निर्देशन 'राज एंड डीके' की जोड़ी के नाम से मशहूर राज निदिमोरू और कृष्णा डीके ने किया था। शाहिद के अलावा, इसमें विजय सेतुपति, राशि खन्ना, केके मेनन, भुवन अरोरा, अमोल पालेकर और रेजिना कैसेंड्रा अहम किरदारों के साथ शामिल थे।